News Room Post

क्या आपके यहां खुले सैलून और नाई की दुकान, इस राज्य में तो मिल गई इजाजत

सोमवार को नाई की दुकानों के साथ ही सैलून भी खुल गए। सैलूनों में पूरी सावधानी बरतते हुए कर्मचारियों ने काम करना शुरू किया। यहां पर कर्मचारियों के साथ ही ग्राहक को भी मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है।

नई दिल्ली। इस वक्त देशभर में कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए लॉकडाउन 4.0 लगाया गया है। ये लॉकडाउन 4.0, 14 और दिनों के लिए बढ़ाया गया है। यह देशबंदी का चौथा फेज होगा, जो सोमवार 18 मई से शुरू हो गया और 31 मई को खत्म होगा। इस चरण के शुरू होने के साथ ही व्यापार, उद्योग और छोटे दुकानों को खोलने में छूट दी गई है।

कर्नाटक के हुबली में सोमवार को नाई की दुकानों के साथ ही सैलून भी खुल गए। सैलूनों में पूरी सावधानी बरतते हुए कर्मचारियों ने काम करना शुरू किया। यहां पर कर्मचारियों के साथ ही ग्राहक को भी मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है।

 

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने लॉकडाउन 3.0 के समाप्त होने के पहले ही लॉकडाउन 4.0 के संकेत दे दिए थे।18 मई से नई गाइडलाइन के साथ इसे पूरे देश में लागू कर दिया गया। केंद्र सरकार के आदेशानुसार, सभी जगहों पर सैलून को खोलने की अनुमति है लेकिन इसके लिए राज्य सरकारों से इसकी इजाजत होना जरूरी होगा। हालांकि, मॉल में सैलून अभी नहीं खुलेंगे।

कर्नाटक के उद्योग मंत्री जगदीश शेट्टार ने वहां पर्याप्त सुरक्षा उपायों के साथ उद्योगों को शुरू करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोविड-19 के साथ ही उन्हें परिचालन फिर से शुरू करना चाहिए। आर्थिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने पर जोर देते हुए शेट्टार ने कहा कि केंद्र की ओर से घोषित 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज से उद्योग को पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी।

राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या
संक्रमण से कर्नाटक राज्य में अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं कुल 1147 संक्रमित मामलों की पुष्टि हुई है। राज्य में कुल 509 मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं। अगर एक्टिव केसों की बात करे तो राज्य में 600 लोगों का इलाज चल रहा है। यहां पर सिर्फ तीन जिले ही रेड जोन में और 20 जिले ऑरेंज जोन में हैं।

Exit mobile version