News Room Post

CAA को लेकर भ्रम फैला रहे विपक्ष को ऐसे दिया अमित शाह ने जवाब

नई दिल्ली। ओडिशा के भुवनेश्वर जनता मैदान में शुक्रवार को सीएए के समर्थन आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह का यहां भव्य स्वागत किया गया। इससे पहले दो दिवसीय दौरे पर ओडिशा आए अमित शाह का भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया था।

यहां ओडिशा पहुंचे अमित शाह सबसे पहले लोकसेवा भवन पहुंचे। यहां पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 24वीं पूर्वांचल क्षेत्रीय परिषद बैठक अमित शाह की अध्यक्षता में हुई। अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ओडिशा, पश्चिम बंगाल व बिहार के मुख्यमंत्री ने शिरकत की। इस बैठक के बाद वह सीएए के समर्थन में आयोजित रैली को संबोदित करने पहुंचे। जहां उनके साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे।

मंच पर पहुंचकर अमित शाह ने अपने संबोधान के जरिए सबसे पहले सीएए पर फैलाई जा रही झूठ को लेकर जमकर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों को अपने निशाने पर लिया। अमित शाह ने मंच से कहा कि मैं देश की जनता से कहना चाहता हूं कि ये विपक्ष के लोग CAA को लेकर भ्रांति फैला रहे हैं, लोगों को उकसा रहे हैं, दंगे करा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मैं आज फिर से यहां कहना चाहता हूं कि CAA से देश के एक भी मुसलमान, एक भी अल्पसंख्यक का नागरिकता अधिकार नहीं जाने वाला है। CAA नागरिकता लेने का कानून है ही नहीं, बल्कि नागरिकता देने का कानून है। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस, ममता दीदी, सपा, बसपा ये सारे लोग CAA का विरोध कर रहे हैं। ये कह रहे हैं कि इससे अल्पसंख्यकों के नागरिक अधिकार चले जाएंगे। अरे इतना झूठ क्यों बोलते हो।

अमित शाह ने आगे कहा कि मोदी जी ने अपने दूसरे कार्यकाल में एक बहुत बड़ी योजना लाए हैं। 2024 तक देश के हर घर में नल से स्वच्छ पीने का पानी पहुंचाना है। इस योजना का सबसे बड़ा फायदा अगर किसी राज्य को होने वाला है तो वो ओड़िशा है। उन्होंने आगे कहा कि मैं आपको मोदी जी के प्रतिनिधि के नाते विश्वास दिलाने आया हूं कि पूर्व का पिछड़ा क्षेत्र और विशेषकर ये उत्कल राज्य सबसे अच्छा राज्य बने, इस दिशा में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

आगे अमित शाह ने कहा कि इतने वर्षों की यात्रा में यहां कांग्रेस पार्टी पहली बार मुख्य विपक्षी दल से नीचे उतरी और भाजपा का हमारा कार्यकर्ता आज विपक्ष के नेता के रूप में विधानसभा में बैठकर ओड़िशा की जनता की आवाज बना है।

Exit mobile version