
नई दिल्ली। हिन्दू धर्म में धनतेरस के त्योहार का काफी महत्व होता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस के दिन समुद्र मंथन के दौरान धन्वंतरि भगवान ने अमृत कलश लेकर अवतार लिया था। इस दिन सोना, चांदी और धातु को खरीदना बहुत ही शुभ माना जाता है। इस तिथि से ही दिवाली के त्यौहार की शुरुआत हो जाती है जो अगले पांच दिनों तक चलती है। तो चलिए जानते हैं इस साल कब है धनतेरस?
कब है धनतेरस 2024
धनतेरस हर साल कार्तिक मास की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इस साल कार्तिक त्रयोदशी की शुरुआत 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजकर 31 मिनट पर होगी, वहीं इस तिथि का समापन 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर होगा। ऐसे में उदयातिथि के अनुसार 29 अक्टूबर 2024 को धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा।
पूजा का मुहूर्त
हिन्दू पंचांग के अनुसार इस साल धनतेरस की पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 6 बजकर 30 मिनट से रात 8 बजकर 12 मिनट तक रहेगा। इस दौरान आप भगवान धन्वन्तरी की पूजा कर सकते हैं।
क्या खरीदना होता है शुभ
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन झाड़ू खरीदना अति शुभ होता है। दरअसल, हिंदू धर्म में झाड़ू को माता लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। इस दिन झाड़ू खरीदने से घर में बरकत बनी रहती हैं। साथ ही आर्थिक परेशानियों से भी छुटकारा मिलता है।
- धनतेरस के शुभ अवसर पर आप बर्तन और सोने-चांदी की खरीदारी कर सकते हैं।
- इस दौरान वाहन और जमीन-जायदाद के सौदे करना लाभकारी रहेगा।
- आप कार और बाइक भी घर ला सकते हैं। इस दौरान नए कपड़े की खरीदारी करना भी शुभ माना जाता है।
बता दें कि हर साल दीवाली का त्यौहार कार्तिक अमावस्या के दिन मनाया जाता है। भारत में खासकर उत्तरी भारत में दीवाली का त्यौहार 5 दिनों तक चलता है। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष के 13वें चंद्र दिवस को धनतेरस से ये त्यौहार शुरू होता है जो भाई दूज तक चलता है। इस बार उत्तर और दक्षिण भारत में दीवाली एक ही दिन है। दीवाली इस साल 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2024 को मनाई जाएगी।