
नई दिल्ली। व्यक्ति के जीवन में गुरु का खास महत्व होता है। गुरु के दिए ज्ञान और दिखाए गए पथ पर चलने से हर व्यक्ति को सफलता मिलना निश्चित होता है। हिन्दू धर्म में गुरु को भगवान से भी बढ़ा दर्जा दिया जाता है। यही वजह है कि हमें अपने गुरु का आदर-सम्मान करना चाहिए। गुरु का सम्मान और उनका आदर करने के लिए गुरु पूर्णिमा का दिन निश्चित है। इस साल गुरु पूर्णिमा (Guru Purnima 2023) इस जुलाई महीने की 3 तारीख को मनाई जाएगी। गुरु पूर्णिमा का दिन गुरु की कृपा-आशीर्वाद पाने के लिए सबसे उत्तम माना गया है। इस दिन (गुरु पूर्णिमा) को महर्षि वेद व्यास की जयंती के रूप में मनाया जाता है। महर्षि वेद व्यास हिन्दूओं धर्म में काफी माने जाते हैं क्योंकि उन्होंने ही महाभारत की रचना की थी।
अगर आप इस दिन अपने गुरु का आशीर्वाद पाना चाहते हैं तो आपको उन्हें घर बुलाकर उनका सम्मान करना चाहिए। हालांकि कई बार अंजाने में लोग कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं जिससे उन्हें बाद में पछताना पड़ता है। आज हम आपको ऐसे ही कामों के बारे में बताने जा रहे हैं जो आपको गुरु पूर्णिमा के दिन बिलकुल नहीं करने चाहिए…
भूलकर भी न करें गुरु पूर्णिमा पर ये काम
- इस बात को हमेशा गाठ बांध कर रखें कि आप कितने ही बड़े या सफल क्यों न हो जाएं अपने गुरु के बराबर आप नहीं पहुंच सकते। उनका आदर आपके लिए सबसे बड़ा होना चाहिए। ऐसे में अगर कभी आपका गुरु आपके सामने कुर्सी पर बैठे हों तो कभी उनके सामने कुर्सी पर न बैठें। हालांकि अगर आपके गुरु जमीन पर बैठे हो तो आप उनके साथ बैठ सकते हैं।
- इस बात का भी ख्याल रखें कि गुरु का सम्मान केवल बोली से ही नहीं होता। बल्कि आपको उनके सामने व्यवहार भी आदरपूर्वक ही करना चाहिए। जब भी आप अपने गुरु के साथ हो तो इस बात का ख्याल रखें कि आप पैर फैलाकर या फिर दीवार या किसी चीज का सहारा लेकर न खड़े हों।
- गुरु आपके जीवन को सही राह दिखाने का काम करते हैं ऐसे में उनका सम्मान करें। कभी भी अपने गुरु की आपको बुराई नहीं करनी चाहिए। जैसा की हमने आपको बताया कि गुरु का स्थान ईश्वर से बड़ा होता है। ऐसे में अगर आप गुरु की बुराई किसी से करते हैं तो आपको महापाप लगता है।
- कई बार ऐसा देखने को मिलता है कि लोग पढ़-लिखकर अच्छे पैसे कमाने लगते हैं तो वो अपने गुरु को शानों शौहरत का रौब दिखाने लगते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं तो संभल जाएं क्योंकि उनके दिए ज्ञान की वजह से ही आप सफल हुए हैं ऐसे में उन्हें कभी नीचा न दिखाएं।
डिस्क्लेमर: ऊपर दिए गए लेख की जानकारी मान्यताओं पर आधारित है। NewsroomPost इस तरह की किसी जानकारी का दावा नहीं करता है।