
नई दिल्ली। प्रदोष व्रत (Guru Pradosh Vrat) भगवान शिव और जगत जननी माता पार्वती को समर्पित है। इस दिन शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। इन दिन भक्त शिव और पार्वती की पूजा करते हैं और व्रत भी रखते हैं। गुरुवार को पड़ने वाला प्रदोष व्रत (Guru Pradosh Vrat 2023) गुरु प्रदोष व्रत कहलाता है। इस साल 2023 जनवरी को गुरु प्रदोष व्रत आज 19 जनवरी 2023 को रखा जा रहा है। सच्चे मन से इस दिन पूजा-पाठ और व्रत रखने वालों पर भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा रहती है। इस दिन निर्जला व्रत रखा जाता है इस कारण इसे प्रदोषम व्रत (Pradosh Vrat 2023) भी कहा जाता है। इस दिन कुछ चीजों को करने की मनाही होती है तो चलिए जानते हैं क्या हैं वो चीजें जो आपको आज के दिन भूलकर भी नहीं करनी चाहिए…
गुरु प्रदोष व्रत का ये है शुभ मुहूर्त (Guru Pradosh Vrat 2023 Shubh Muhurat)
गुरु प्रदोष व्रत की तिथि 19 जनवरी 2023 को दिन में 1:18 से शुरू हो रही है जो कि अगले दिन 20 जनवरी को सुबह 9 बजकर 59 मिनट पर खत्म होगी। प्रदोष व्रत उदयातिथि के हासिब से आज 19 जनवरी 2023 को रखा जाएगा। शाम के पूजा का शुभ मुहूर्त 05 बजकर 49 मिनट से लेकर रात 08 बजकर 30 मिनट तक रहेगा।
गुरु प्रदोष व्रत पर भूलकर न करें ये काम
- गुरु प्रदोष व्रत के दिन आपको पूजा से पहले ही घर और मंदिर दोनों की सफाई कर लेनी चाहिए। इसके बाद ही पूजा करनी चाहिए।
- इस बात का ख्याल रखें कि पूजा के दौरान शिवलिंग पर तुलसी की पत्ते, कुमकुम और नारियल का जल न चढ़ाएं।
- प्रदोष व्रत हो या फिर कोई और सा व्रत कभी भी आपको लड़ाई-झगड़ा या गुस्सा नहीं करना चाहिए। दूसरों के लिए आपको अपने मन में बुरे विचार भी नहीं लाने चाहिए। जितना हो सके खुद को झूठ, चोरी से भी दूर रखें।
- व्रत वाले दिन आपको मांस-मदिरा और धूम्रपान का सेवन नहीं करना चाहिए। आपको सात्विक भोजन करना चाहिए। ऐसे में लहसुन-प्याज वाला खाना भी न खाएं।
- प्रदोष व्रत वाले दिन आपको सुबह जल्दी उठ जाना चाहिए। इस बात का भी ख्याल रखें कि आपको दिन में सोना नहीं है। बल्कि शिव का ध्यान करना चाहिए।
- प्रदोष व्रत के दिन महिलाओं को शिवलिंग नहीं छूना चाहिए। क्योंकि इससे मां पार्वती नाराज हो जाती है।
- प्रदोष व्रत के दिन कपड़ों के रंग का भी खास ख्याल रखना चाहिए। इस दिन भूलकर भी काले रंग के कपड़े न पहने। इसकी बजाय आप पीले या लाल रंग के वस्त्रों को धारण कर सकते हैं।