
नई दिल्ली। नए साल 2023 का पहला त्योहार मकर संक्रांति (Makar Sankranti 2023) आज 15 जनवरी मनाया जा रहा है। हिन्दू धर्म में इस त्योहार का खास महत्व होता है। सूर्य देव को समर्पित इस दिन दान और स्नान का काफी महत्व होता है। कहते हैं इस दिन गंगा नदी में स्नान करने से व्यक्ति को पुण्य मिलता है साथ ही उनके सभी पाप धुल जाते हैं। सूर्य जब मकर राशि में प्रवेश करता है तो ये मकर संक्रांति कहलाता है। इस दिन कुछ खास उपाय (Snan Daan Muhurat) भी आपको करने चाहिए। तो चलिए जानते हैं क्या मकर संक्रांति पर स्नान-दान का मुहूर्त और पूजा विधि…
क्या है मकर संक्रांति 2023 पर शुभ मुहूर्त
मकर संक्रांति आज 15 जनवरी, रविवार को मनाई जा रही है। इसका इसका पुण्य काल 15 जनवरी की सुबह 7 बजकर 17 मिनट से शुरू होगा जो कि शाम 5 बजकर 55 मिनट तक रहेगा। महापुण्य काल की बात करें तो ये 15 जनवरी 2023 को सुबह 7 बजकर 17 मिनट से 9 बजकर 04 मिनट तक रहेगा।
इस तरह से करें पूजा
मकर संक्रांति के दिन स्नान और दान का खास महत्व होता है ऐसे में सबसे पहले सुबह नहा कर साफ कपड़े धारण करें। आप गंगा में स्नान करें तो ज्यादा अच्छा रहेगा लेकिन अगर आप गंगा स्नान नहीं कर सकते तो अपने नहाने के पानी में ही गंगा जल मिला लें इससे भी आपको वही फायदा मिलेगा।
सूर्य देव को दें अर्घ्य
संक्रांति के दिन स्नान के बाद आपको सूर्य देव को अर्घ्य जरूर चढ़ाना चाहिए। अर्घ्य देने के लिए तांबे के लोटे का इस्तेमाल करें। इसमें जल के साथ तिल, सिंदूर, अक्षत और लाल रंग का फूल भी डाल लें। इस तरह से सूर्य देव को अर्घ्य देने पर आपको कई गुना फायदा मिलेगा।
मकर संक्रांति पर इन चीजों का दान करें
मकर संक्रांति के दिन आपको अन्न, तिल, गुड़, वस्त्र, कंबल, चावल, उड़द की दान और खिचड़ी का दान करना चाहिए। इससे सूर्य और शनिदेव दोनों ही प्रसन्न होते हैं।