
नई दिल्ली। दीपावली आने के अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। दीवाली की सफाई और सजावट काफी जोरों पर है। इस साल दीपावली 24 अक्टूबर को मनाई जाएगी। इस त्योहार पर भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। दूर-दराज के इलाके में रहने वाले लोग भी इस त्योहार पर घर वापसी करते हैं और धूम-धाम से परिवार के साथ दिवाली का पर्व मनाते हैं। इस दिन लोग पटाखे फोड़ते हैं और दोस्तों रिश्तेदारों के घर उनसे मिलने जाते हैं। साथ में मिठाई आदि भी उपहार स्वरूप एक-दूसरे को देते हैं। पांच दिनों तक चलने वाला ये पर्व धनतेरस से शुरू होकर भाई-दूज पर खत्म हो जाता है। दिवाली पर दिये जलाकर मां लभ्मी और कुबेर जी का स्वागत किया जाता है। एक ओर जहां धनतेरस के दिन खरीदारी करना अच्छा माना जाता है और धातु खरीदना शुभ माना जाता है तो वहीं दूसरी ओर दिवाली के दिन दिये जलाने का नियम है। हालांकि दीपावली पर पूरे घर में दिये और लाइट जलाकर रोशनी की जाती है लेकिन फिर भी घर के कुछ ऐसे कोने हैं जहां पर दिया जलाना आवश्यक होता है। इससे शुभता तो आती ही है साथ ही घर में बरकत भी होती है। तो आइए आपको बताते हैं कि पांच दिन के इस त्योहार पर किस दिन घर के किस कोने में दिया जलाना बहुत जरूरी होता है…
1.धनतेरस के दिन घर के मुख्य द्वार पर 13 दीप जलाना काफी अच्छा माना जाता है। इसके अलावा नाली या कूड़े के पास यम का दीप जलाना भी शुभ माना जाता है। यम के दीप के लिए मिट्टी के नहीं बल्कि आटे का दीपक बना कर जलाने की परंपरा है।
2.नरक चतुदर्शी यानी नरक चौदस के दिन 14 दीपक जलाना शुभ माना जाता है।
3.दीपावली के दिन एक तेल का और एक घी का बड़ा सा दीपक जलाने का नियम है। कहा जाता है इसका पूरी रात जलना अनिवार्य है। इसे मां लक्ष्मी के स्वागत के तौर पर जलाया जाता है। कहा जाता है कि रात में मां लक्ष्मी आशीर्वाद देने के लिए सबके घर पधारती हैं।
4.एक-एक दीपक अपनी प्रत्येक संपत्ति के पास जलाना चाहिए।
5.एक दीपक तुलसी के पौधे के पास रखना चाहिए।
6.एक दीपक घर में जल के स्थान पर रखना चाहिए।
7.अपने वाहन के पास एक जलता हुआ दिया रखें, ध्यान रहे वाहन के तेल की टंकी से काफी दूरी पर दिया रखें। कहीं ऐसा न हो वो आग पकड़ ले।
8.घर के वॉशरूम में एक दिया रखें।
9.एक दीपक घर की रसोई घर में रखें।
10.घर के किसी कोने में एक दीपक पितरों के नाम से जलाएं।
11.एक दीपक यम के नाम से दिवाली के दिन भी जलाएं।