newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ford May Enter India Again: भारत में एक बार फिर दिखेंगी फोर्ड की कारें, इस बार इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर जोर

अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनी फोर्ड ने एक जमाने में भारत में पैर रखे थे। कंपनी के कई मॉडल अच्छे बिके भी थे, लेकिन अमेरिका की नामचीन कंपनी को कोरिया और जापानी कार निर्माताओं ने पटकनी दी थी और फोर्ड ने अपना कामकाज समेट लिया था। एक बार फिर फोर्ड फैंस के लिए अच्छी खबर आने की उम्मीद है।

नई दिल्ली। अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनी फोर्ड ने एक जमाने में भारत में पैर रखे थे। कंपनी के कई मॉडल अच्छे बिके भी थे, लेकिन अमेरिका की नामचीन कंपनी को कोरिया और जापानी कार निर्माताओं ने पटकनी दी थी और फोर्ड ने अपना कामकाज समेट लिया था। एक बार फिर फोर्ड फैंस के लिए अच्छी खबर आने की उम्मीद है। कंपनी ने कहा है कि वो फिर भारत में आने की तैयारी कर रही है। मोदी सरकार की ओर से पीएलआई स्कीम के फायदे की वजह से फोर्ड मोटर भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाने की तैयारी में है। कंपनी इन गाड़ियों को भारत के अलावा विदेश में भी बेचेगी।

कंपनी के सूत्रों के मुताबिक फोर्ड मोटर ने भी क्लीन फ्यूल टेक्नोलॉजी के तहत मोदी सरकार की तरफ से घोषित 3.5 अरब डॉलर की योजना के तहत अप्लीकेशन दी थी। सरकार ने इस अप्लीकेशन को मंजूरी दे दी है। फोर्ड ने भले ही कामकाज पहले समेट लिया था, लेकिन अब भी भारत में उसके दो प्लांट हैं। कंपनी के मुताबिक वो इनमें से एक प्लांट में बैटरी चालित कार बनाने के बारे में विचार कर रही है और जल्दी ही इस बारे में फैसला लेगी। बता दें कि फोर्ड मोटर्स दुनिया की कार बनाने वाली पुरानी कंपनियों में से एक है। अमेरिका समेत दुनिया के तमाम देशों में फोर्ड की गाड़ियों का जलवा हुआ करता था।

फोर्ड इंडिया के प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि अभी इस बारें में कंपनी के कर्ताधर्ताओं के बीच ज्यादा विचार विमर्श नहीं हुआ है, लेकिन भविष्य में इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाने के बारे में सोचा जा सकता है। बता दें कि फोर्ड ने पहले कहा था कि वो साल 2030 तक इलेक्ट्रिक गाड़ियां और बैटरी बनाना चाहती है। इस काम में कंपनी का इरादा 30 बिलियन डॉलर लगाने का भी है।