
वॉशिंगटन। अमेरिका की नामचीन ‘टाइम’ मैगजीन ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी को अपनी ‘टाइम 100 नेक्स्ट’ लिस्ट में जगह दी है। रिलायंस जिओ के चेयरमैन आकाश अंबानी को टाइम मैगजीन ने लीडर्स कैटेगरी में रखा है। मैगजीन ने आकाश के लिए लिखा है कि वो बिजनेस को आगे ले जाने के लिए कठिन परिश्रम कर रहे हैं। साथ ही फेसबुक और गूगल से निवेश डील पूरा करने में उनकी बड़ी भूमिका है। टाइम की 100 नेक्स्ट लिस्ट में आकाश अंबानी अकेले भारतीय हैं। मैगजीन ने आकाश की तारीफ के पुल बांधे हैं और कहा है कि जैसा काम आकाश अंबानी कर रहे हैं, वैसा कम ही बिजनेस लीडर्स में देखा जाता है।
आकाश के बारे में टाइम मैगजीन ने ये भी लिखा है कि सिर्फ 22 साल की उम्र में उनको रिलायंस जिओ के बोर्ड में जगह मिली। फिर जून 2022 में उनको भारत की इस सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी की कमान सौंपी गई। रिलायंस जिओ के 42.60 करोड़ मोबाइल और डेटा उपभोक्ता हैं। टाइम मैगजीन हर साल अपनी 100 नेक्स्ट लिस्ट जारी करता है। इसमें उद्योग जगत के अलावा दुनिया के 100 उभरते लोगों को जगह दी जाती है। इस बार की लिस्ट में भी संगीतकार, डॉक्टर, सरकारी अफसर, आंदोलनकारी वगैरा भी शामिल हैं।
आकाश अंबानी के नेतृत्व में रिलायंस जिओ ने जमकर मोबाइल फोन उपभोक्ता जुटाए हैं। अब कंपनी 5जी लाने वाली है। दिवाली तक दिल्ली समेत करीब 15 शहरों में 5जी रोलआउट का रिलायंस जिओ का प्लान है। इस योजना का सारा खाका आकाश अंबानी ने ही खींचा है। रिलायंस जिओ अकेली कंपनी है, जिसने 5जी के लिए 700 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम खरीदा है। इससे वो स्टैंड अलोन 5जी सर्विस दे सकता है। आकाश अंबानी ने इससे पहले जिओ के ही 4जी सिस्टम को बढ़ाने और इसे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी।