newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Pallonji Mistri Death: अरबपति कारोबारी पालोनजी मिस्त्री ने दुनिया को कहा अलविदा, जानें कहां तक फैला है उनका कारोबार

Pallonji Mistri Death: पालोनजी मिस्त्री का जन्म मुंबई में एक गुजराती-पारसी परिवार में हुआ था। रविवार को मुंबई में ही उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली।

नई दिल्ली। शापूरजी पालोनजी ग्रुप के चेयरमैन और अरबपति कारोबारी पालोनजी मिस्त्री ने 93 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। कंपनी से जुड़े सूत्रों ने पालोनजी मिस्त्री के निधन की जानकारी दी है। आपको बता दें कि शापूरजी पालोनजी ग्रुप ने कई सारी उपलब्धियां अपने नाम की है। कंपनी की तमाम बड़ी उपलब्धियों में मुंबई में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की बिल्डिंग का निर्माण करना भी शामिल है। कंस्ट्रक्शन के अलावा भी कई अन्य सेक्टर में पालोनजी मिस्त्री ने कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था।

अफ्रीका तक फैला है कारोबार

इंजीनियरिंग, कंस्ट्रक्शन, इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, वाटर एनर्जी से लेकर फाइनेंस सर्विस तक के सेक्टर में शापूरजी पालोनजी ग्रुप की मौजूदगी है। इस ग्रुप की अलग-अलग कंपनियों में 50 हजार से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। भारत ही नहीं बल्कि अन्य एशियाई देशों से लेकर अफ्रीका तक शापूरजी पालोनजी ग्रुप का कारोबार फैला हुआ है। फोर्ब्स के ताजा अपडेट के अनुसार पालोनजी मिस्त्री दुनिया के तमाम अमीरों की लिस्ट में 143वें नंबर पर आते हैं।

टाटा सन्स में है परिवार की 18.4% हिस्सेदारी

आपको बता दें कि टाटा सन्स में पालोनजी परिवार की 18.4% की हिस्सेदारी है। शापूरजी पालोनजी ग्रुप की नींव 1865 में डाली गई थी। पिछले साल अपने कंज्यूमर ड्यूरेबल्स बिजनेस को शापूरजी पालोनजी ग्रुप ने अमेरिकी प्राइवेट इक्विटी एंड फंड एडवेंट इंटरनेशनल के हाथों बेच दिया था।

साल 2016 में पद्म भूषण से हुए थे सम्मानित

उद्योग क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने पालोनजी मिस्त्री को साल 2016 में भारत का तीसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया था। बता दें, पालोनजी मिस्त्री का जन्म मुंबई में एक गुजराती-पारसी परिवार में हुआ था। रविवार को मुंबई में ही उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली।