BSE & NSE: शेयर बाजार में 5 दिन में निवेशकों के 19 लाख करोड़ हुए स्वाहा, इन वजहों से आई गिरावट

बिकवाली का दबाव इतना रहा कि इस हफ्ते के बीते 5 दिन में शेयर बाजार के निवेशकों ने 19 लाख करोड़ गंवा दिए। सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को 1.7 फीसदी की गिरावट आई। शुक्रवार की ही बात करें, तो टाइटन को छोड़ बाकी शेयर्स में भारी नुकसान निवेशकों को उठाना पड़ा है।

Avatar Written by: December 24, 2022 11:35 am
share market2

मुंबई। बिकवाली का दबाव इतना रहा कि इस हफ्ते के बीते 5 दिन में शेयर बाजार के निवेशकों ने 19 लाख करोड़ गंवा दिए। सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को 1.7 फीसदी की गिरावट आई। शुक्रवार की ही बात करें, तो टाइटन को छोड़ बाकी शेयर्स में भारी नुकसान निवेशकों को उठाना पड़ा है। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, विप्रो और बजाज फिनसर्व के शेयर्स में भारी उठापटक देखने को मिली। इन कंपनियों के शेयर्स में 2.8 से 4.7 फीसदी की बड़ी गिरावट आई। माना जा रहा है कि चीन और अन्य देशों में कोरोना से बिगड़ती हालत और भारत में इसके संभावित असर से शेयर बाजार ने गोता लगाया। रूस-यूक्रेन जंग के कारण दुनिया में मंदी की आशंका से भी शेयर बाजार डरा हुआ दिख रहा है।

share market and jarodha

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में शुक्रवार को 1.61 फीसदी की गिरावट आई। सेंसेक्स करीब 981 अंक टूट गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में भी कारोबार मंदड़ियों की गिरफ्त में रहा। निफ्टी मे शुक्रवार को 320 अंक से ज्यादा की गिरावट आई। नतीजे में सेंसेक्स 60000 और निफ्टी 18000 के अंक से नीचे आ गया। इस हफ्ते निवेशकों को सबसे ज्यादा शुक्रवार को ही नुकसान हुआ। महज एक ही दिन निवेशकों के 8 लाख करोड़ से ज्यादा शेयर बाजार में स्वाहा हो गए। कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन भी 280.55 लाख करोड़ से घटकर 272.29 करोड़ पर आ गया।

GOLD

बीएसई के मार्केट कैपिटलाइजेशन में 14 दिसंबर से 23 दिसंबर तक 18.96 लाख रुपए की कमी आई है। माना जा रहा है कि सोमवार को भी शेयर मार्केट में इसी तरह का भूचाल देखने को मिल सकता है। शेयर मार्केट में मचे हाहाकार की वजह से निवेशकों का रुख सोने की तरफ हुआ है। ऐसे में सोना पिछले कुछ दिनों से 55000 रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव पर चल रहा है। जानकारों के मुताबिक सोने में ये तेजी अभी बरकरार रहने के आसार हैं।