newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Gautam Adani Asia’s Richest Person : मुकेश अंबानी को पछाड़कर गौतम अडाणी फिर बने एशिया के सबसे अमीर शख्स

Gautam Adani Asia’s Richest Person : अडाणी ग्रुप के शेयरों में आई तेजी के चलते गौतम अडाणी की नेटवर्थ 111 अरब डॉलर पहुंच गई। इसी के साथ वह दुनिया भर के अमीरों की लिस्ट में 11वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं अगर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की बात करें तो वो 109 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की सूची में 12वें और एशिया में दूसरे सबसे रईस व्यक्ति हैं।

नई दिल्ली। गौतम अडाणी ने एक बार फिर एशिया के सबसे दौलतमंद शख्स बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स द्वारा जारी अमीरों की लिस्ट में गौतम अडाणी ने लंबी छलांग लगाते हुए मुकेश अंबानी पछाड़कर नंबर वन रईस के ताज पर कब्जा जमाया है। अडाणी की नेटवर्थ में शुक्रवार को 5.45 अरब डॉलर की तेजी आई और इसी साथ ही उनकी नेटवर्थ 111 अरब डॉलर पहुंच गई। जिसके बाद वह दुनिया भर के अमीरों की लिस्ट में 11वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं अगर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की बात करें तो वो 109 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की सूची में 12वें और एशिया में दूसरे सबसे रईस व्यक्ति हैं।

gautam adani and mukesh ambani

गौतम अडाणी का नाम इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अरबपतियों की लिस्ट में शामिल है। जनवरी 2024 से अब तक गौतम अडाणी ने 26.8 अरब डॉलर की कमाई की है। वहीं, मुकेश अंबानी ने इस साल अभी तक 12.7 अरब डॉलर कमाए हैं। साल 2023 की बात करें तो गौतम अडाणी के लिए कुछ ठीक नहीं रहा था। हिंडनबर्ग ने अडाणी ग्रुप को लेकर अपनी रिसर्च रिपोर्ट पब्लिश की थी जिसके बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में गिरावट के चलते वह दुनिया के टॉप 30 अमीरों की लिस्ट से भी नीचे चले गए थे। मगर अब शेयरों में उछाल के बाद एक बार फिर गौतम अडाणी ने एशिया के नंबर वन रईस का ताज अपने नाम किया है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट 207 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया में सबसे ज्यादा अमीर व्यक्ति हैं। दूसरे नंबर पर एलन मस्क हैं जिनकी संपत्ति 203 अरब डॉलर है। वहीं जेफ बेजोस 199 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हैं। मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग 166 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे और लैरी पेज 153 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पांचवें नंबर पर हैं।