
नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान से किसी भी प्रकार की वस्तुओं के आयात पर तत्काल प्रभाव से भारत ने प्रतिबंध लगा दिया है। पाकिस्तान से आने वाला कोई भी सामान चाहे वह सीधे आयात किया जाता हो या किसी तीसरे देश के जरिए भारत आता हो उस पर बैन लगा दिया गया है। पाकिस्तान के लिए आर्थिक दृष्टि से यह बड़ा झटका है। भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय ने फॉरेन ट्रेड पॉलिसी 2023 में संशोधन कर यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लिया गया है। इसमें पाकिस्तान से आयात पर प्रतिबंध को नए प्रावधान के रूप में जोड़ा गया है।
इससे पहले भारत ने पाकिस्तान से डायरेक्ट ट्रेड पर रोक लगाई थी मगर अब किसी प्रकार के व्यापार को प्रतिबंधित कर दिया है। भारत पाकिस्तान से डायरेक्ट ट्रेड के तहत ड्राई फ्रूट्स, सीमेंट, कुछ विशेष प्रकार के फल, नमक, तांबा आदि का आयात करता था। हालांकि 2019 के बाद इन चीजों का आयात लगभग बंद हो गया था और भारत में सिर्फ सेंधा नमक तथा मुल्तानी मिट्टी का आयात हो रहा है मगर अब उस पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत पाकिस्तान के खिलाफ एक के बाद एक कड़े एक्शन ले रहा है। पहले ही सिंधु नदी जल संधि को रद्द किए जाने से पाकिस्तान घबराया हुआ है अब आयात पर प्रतिबंध से पाकिस्तान को बड़ी आर्थिक क्षति पहुंचेगी।
इससे पहले पाकिस्तान पर भारत लगातार डिजिटल स्ट्राइक भी कर रहा है। पाकिस्तान सरकार के सोशल मीडिया एक्स एकाउंट, पाक पीएम शहबाज शरीफ के ऑफिशिएल यूट्यूब चैनल, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के एक्स अकांउट समेत बहुत से नेताओं, क्रिकेटर्स और सेलिब्रिटीज के सोशल मीडिया एकाउंट को भारत में बैन कर दिया गया है। पाकिस्तान के बहुत सारे मीडिया ग्रुप के यूट्यूब चैनलों को भी भारत में ब्लॉक किया जा चुका है।