
नई दिल्ली। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा का ताजा ट्वीट वायरल हो रहा है। ये ट्वीट एक पोल के बारे में है। इस पोल में 22 देशों के लोगों से पूछा गया था कि वे अपने देश के बारे में कितने आशावादी हैं? इस पोल के नतीजे बताते हैं कि दुनिया के इन 22 देशों में अपने देश के प्रति सबसे ज्यादा आशावादी भारत के लोग हैं। जबकि, विकसित कहे जाने वाले पश्चिमी देशों के नागरिक अपने देश के प्रति कम आशावादी हैं। पोल के नतीजों को ट्विटर पर साझा कर आनंद महिंद्रा ने भारतीयों की खूब सराहना की है। उन्होंने इन नतीजों को सकारात्मक बताया है। बता दें कि ट्विटर पर आनंद महिंद्रा के 98 लाख फॉलोवर्स हैं।
Zero Hedge के पोल में 22 देशों में से भारत के लोगों ने सबसे बेहतर सकारात्मकता अपने देश के लिए दिखाई है। पोल के मुताबिक भारत के 74 फीसदी लोगों को लगता है कि देश सही राह पर चल रहा है। वहीं, ऐसा न मानने वाले लोग महज 26 फीसदी हैं। कोरोना के प्रकोप के दौरान लाखों लोगों की मौत और मौजूदा महंगाई के बाद भी भारतीयों की देश के प्रति ये राय दिखी है। सर्वे के नतीजों के मुताबिक पोलैंड में सबसे ज्यादा 86 फीसदी को लगता है कि उनका देश गलत राह पर है। ब्रिटेन में 83 फीसदी, अमेरिका में 72 फीसदी, जर्मनी में 71 और जापान जैसे मुल्क में भी 69 फीसदी लोगों की राय है कि उनका देश गलत राह पर है।
There’ll be many who will be skeptical about this survey’s findings. But I choose to believe we are indeed an optimistic nation. And optimism is the fuel for success & positive outcomes. Have a peaceful—& optimistic Sunday. https://t.co/vXkLtd2fSG
— anand mahindra (@anandmahindra) November 20, 2022
इस सर्वे के नतीजों से आनंद महिंद्रा काफी खुश दिखे। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि तमाम लोग शायद इस सर्वे के नतीजों पर शक करेंगे, लेकिन मुझे भी भरोसा है कि हमारा देश भी आशावादी है। महिंद्रा ने लिखा है कि इस आशावादिता से ही सफलता और सकारात्मक नतीजों के लिए ईंधन बनता है। आनंद महिंद्रा इससे पहले भी भारत और यहां के लोगों को प्रेरित करने वाले ट्वीट करते रहे हैं। उनकी पहचान किसी मुसीबतजदा व्यक्ति की मदद करने वाले उद्योगपति के तौर पर भी है। ट्विटर पर अपनी कंपनी के बारे में किसी भी तरह की शिकायत को वो तुरंत दूर करने में जुट जाते हैं। इस वजह से आए दिन आनंद महिंद्रा की खूब सराहना भी होती है।