newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Global Investors Summit 2025 : भारत में है दुनिया का भविष्य, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Global Investors Summit 2025 : पीएम ने बताया, कुछ दिन पहले ही वर्ल्ड बैंक ने कहा है भारत आने वाले सालों में ऐसे ही दुनिया की फास्टेस्ट ग्रोइंग इकोनॉमी बना रहेगा। कुछ दिन पहले क्लामेट चेंज पर यूएन की एक संस्था ने भारत को सोलर पावर का सुपर पावर कहा था। इस संस्था ने यह भी कहा, जहां कई देश सिर्फ बाते करते हैं, वहीं भारत नतीजे लाकर दिखाता है।

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 2025 के पहले 50 दिनों में भारत में तेज गति से विकास को देखा गया है। कुछ दिन पहले ही वर्ल्ड बैंक ने कहा है भारत आने वाले सालों में ऐसे ही दुनिया की फास्टेस्ट ग्रोइंग इकोनॉमी बना रहेगा। दुनिया का भविष्य भारत में है। कुछ दिन पहले क्लामेट चेंज पर यूएन की एक संस्था ने भारत को सोलर पावर का सुपर पावर कहा था। इस संस्था ने यह भी कहा, जहां कई देश सिर्फ बाते करते हैं, वहीं भारत नतीजे लाकर दिखाता है।

प्रधानमंत्री बोले, भारत के विकसित भविष्य में तीन सेक्टर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ये तीनों सेक्टर करोड़ों नई नौकरियां पैदा करेंगे, ये सेक्टर हैं टेक्सटाइल, टूरिज्म और टेक्नोलॉजी। भारत का टेक्सटाइल सेक्टर करोड़ों लोगों को रोजगार देता है। मध्य प्रदेश तो एक तरह से भारत की कॉटन कैपिटल है। देश की करीब 25 प्रतिशत ऑर्गेनिक कॉटन सप्लाई मध्य प्रदेश से ही होती है। यहां की चंदेरी और माहेश्वरी साड़ियां बहुत पसंदी की जाती हैं इन्हें जीआई टैग दिया जा चुका है।

मोदी ने कहा, हम सभी जानते हैं कि औद्योगिक विकास के लिए जल सुरक्षा कितनी महत्वपूर्ण है। इसके लिए हम एक तरफ जल संरक्षण पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। दूसरी ओर, हम नदियों को जोड़ने के मेगा मिशन को भी आगे बढ़ा रहे हैं। पीएम ने कहा, मैं राज्य विनियमन आयोग पर चर्चा करना चाहूंगा, जिसका उल्लेख बजट में किया गया है। हम लगातार राज्यों के साथ बातचीत कर रहे हैं। पिछले वर्षों में, हमने राज्यों के साथ मिलकर 40 हजार से ज्यादा अनुपालन कम किए हैं। ऐसे 1500 कानूनों को खत्म किया है जो अपना महत्व खो चुके हैं। हमारा मकसद यही है कि ऐसे रेग्यूलेशंस की पहचान हो जो ईज ऑफ डूईंग बिजनेस की राह में रोड़ा है।

नरेंद्र मोदी ने बताया कि इस साल के बजट में मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। हमने 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त किया है और टैक्स स्लैब का पुनर्गठन किया है। बजट के बाद आरबीआई ने भी ब्याज दरें कम की हैं। बजट में विनिर्माण को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला के निर्माण पर जोर दिया गया है।

मोदी ने कहा, मध्य प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट एक सराहनीय पहल है। यह उद्योग, नवाचार और बुनियादी ढांचे में राज्य की विशाल क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है। वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करके, यह आर्थिक विकास और रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। यह देखकर खुशी हो रही है कि मध्य प्रदेश व्यापार और उद्यमिता के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।