![Richest Woman in Asia: कौन हैं एशिया की सबसे अमीर महिला बनीं भारत की सावित्री जिंदल, जानिए इनके बारे में सबकुछ](https://hindi.newsroompost.com/wp-content/uploads/2022/07/savitri-jindal-1000x600.jpg)
नई दिल्ली। ये तो सभी जानते हैं कि अब लड़कियां लड़कों से पीछे नहीं है। हर क्षेत्र चाहे वो पढ़ाई हो, खेल हो या फिर कोई और सभी में लड़कियां अपना परचम लहरा रही है। इसी क्रम में अब भारत की सावित्री जिंदल एशिया की सबसे अमीर महिला बन गई हैं। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट की मानें तो सावित्री जिंदल के पास 89.49 हजार करोड़ रुपए (11.3 अरब डॉलर) की संपत्ति है। वहीं, सावित्री जिंदल के बाद दूसरे नंबर पर चीन की फैन होंगवी (Fan Hongwei) हैं जिनके पास भी 11.3 अरब डॉलर की ही संपत्ति है। बता दें, बीते साल 2021 में चीन की यांग हुइयान (Yang Huiyan) एशिया की सबसे अमीर महिला थीं, जो कि अब नीचे पायदान में खिसकते हुए 87.11 हजार करोड़ (11 अरब डॉलर) की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
अमीर लोगों में 164 वें स्थान पर सावित्री
ब्लूमबर्ग की दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में अब सावित्री जिंदल 164 वें स्थान पर अपनी जगह बना चुकी हैं। इस रिपोर्ट में गौतम अडाणी एशिया के सबसे अमीर आदमी बने हुए हैं। गौतम अडाणी के पास 9.35 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है।
कौन है सावित्री जिंदल
सावित्री जिंदल, जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन हैं। भारत में ये कंपनी स्टील की तीसरी सबसे बड़ी उत्पादक के साथ ही सीमेंट, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में कार्यरत है। एक रिपोर्ट की मानें तो सावित्री जिंदल कभी कॉलेज नहीं गईं। लेकिन पति की अचानक मौत के बाद उन्होंने इस पूरे कारोबार को संभाला। सावित्री जिंदल का कहना है कि जिंदल परिवार में ज्यादातर महिलाएं घर की जिम्मेदारी संभालती हैं। जबकि पुरुष बाहर के काम संभालते हैं। यही वजह भी है कि पति की मौत के बाद उन्हें कारोबार को संभालने में काफी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा।
असम में जन्म, हरियाणा में हुई शादी
सावित्री जिंदल का जन्म सन् 1950 में असम के तिनसुकिया में हुआ था। साल 1970 में सावित्री की शादी जिंदल ग्रुप के फाउंडर हरियाणा के ओमप्रकाश जिंदल से हुई। जिंदल ग्रुप स्टील के साथ ही और भी कई सेक्टर में एक्टिव है। ओपी जिंदल और सावित्री के नौ बच्चे हैं जिनमें से चार बेटे- पृथ्वीराज जिंदल, सज्जन, रतन और नवीन हैं। सावित्री के सबसे बड़े बेटे पृथ्वीराज, जिंदल सॉ कंपनी के चेयरमैन हैं। दूसरे बेटे सज्जन जिंदल ने JWS कंपनी का काम संभालते हैं तो वहीं, तीसरे बेटे रतन कंपनी में डायरेक्टर की पोस्ट पर नियुक्त है। इन सब के अलावा परिवार के सबसे छोटे बेट नवीन जिंदल ‘जिंदल स्टील’ के चेयरमैन हैं। नवीन जिंदल सांसद भी रह चुके हैं।