Happy Birthday Manish Paul: अभिनेता मनीष पॉल का 41वां जन्मदिन आज, बचपन की दोस्त से ही रचाई शादी

Happy Birthday Manish Paul: एक्टर ने कई रियलिटी शो को भी होस्ट किया है इसके साथ ही वह कई फिल्मों में भी अभिनय कर लोगों को अपना दीवाना बना चुके है। आइए आज उनके जन्मदिन के अवसर पर आपको उनके बारे में कुछ खास बातें बताते हैं

Avatar Written by: August 3, 2022 11:14 am

नई दिल्ली। छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी छाप छोड़ने वाले मनीष पॉल आज अपना 41वां जन्मदिन सेलीब्रेट कर रहे हैं। 3 अगस्त 1981 को दिल्ली के मालवीय नगर में जन्मे मनीष अभिनेता,होस्ट, और आरजे भी हैं। मनीष अब मनोरंजन की दुनिया का वो चेहरा हैं, जो किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। मनीष पॉल अपनी कॉमिक टाइमिंग से अक्सर ही लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं। एक्टर ने कई रियलिटी शो को भी होस्ट किया है इसके साथ ही वह कई फिल्मों में भी अभिनय कर लोगों को अपना दीवाना बना चुके है। आइए आज उनके जन्मदिन के अवसर पर आपको उनके बारे में कुछ खास बातें बताते हैं।

कैसे हुई करियर की शुरुआत

दिल्ली में अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद मनीष पॉल मुंबई आ गए थे। इंडस्ट्री में अपनी जगह और पहचान बनाने के लिए जब मनीष परिश्रम कर रहे थे, तो उनकी पत्नी संयुक्ता ने उनका साथ दिया था। साल 2002 में मनीष को अपना पहला शो ‘संडे टैंगो’  होस्ट करने का अवसर मिला। इसी दौरान उन्होंने वीजे के तौर पर भी काम करना शुरू किया और रेडियो सिटी में आरजे बनकर मॉर्निंग शो ‘कसाकाए मुंबई’ को होस्ट किया। धीरे-धीरे करके उनका काम शुरू होने लगा और उनके काम ने रफ्तार पकड़ी। इसके साथ ही वह लोगों के चहेते भी होने लगे।

बचपन की दोस्त से की शादी

मनीष पॉल साल 2007 में अपने बचपन की दोस्त संयुक्ता के साथ शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों स्कूल के वक्त से एक दूसरे को जानते थे और साल 1998 से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों के दो बच्चे है एक बेटी और एक बेटा है। मनीष ने एक इंटरव्यू के वक्त बताया था कि वो शादी से पहले अपने करियर को लेकर इतने सीरियस नहीं थे। संयुक्ता ने ही उनकी लाइफ में आकर बहुत कुछ बदला और वह इस मुकाम को हासिल करने में सफल हुए।