
नई दिल्ली। अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी स्टारर फिल्म ओ माय गॉड 2 के रिलीज में कुछ ही घंटों का समय बाकी है और फिल्म सभी से सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी हैं। फैंस बेसब्री से फिल्म के रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। जहां एक तरफ फैंस बेकरार हैं तो दूसरी तरफ फिल्मों को लेकर विरोध भी हो रहा है। अब ताजा खबर उत्तर प्रदेश के आगरा की है, जहां फिल्म को लेकर विरोध हो रहा है और अक्षय कुमार के पोस्टर और पुतले तक जलाए जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
जलाए गए अक्षय कुमार के पुतले
आगरा में राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत के कार्यकर्ताओं ने फिल्म का विरोध किया है। कार्यकर्ताओं के हाथों में फिल्म और फिल्म के लीड एक्टर्स के पोस्टर हैं और सभी मिलकर फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि फिल्म के जरिए भगवान शिव का अपमान किया जा रहा है। मेकर्स हर बार हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करते हैं, लेकिन इस बार सहा नहीं जाएगा। विरोध कर रहे कार्यकर्ता ने अक्षय कुमार का पुतला दहन किया और उनके पोस्टर्स पर कालिख भी पोती। इसके अलावा पोस्टर पर जूते भी मारे।
सिनेमाघरों में लगा देंगे आग
हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि फिल्म में भोलेनाथ का किरदार गलत तरीके से दिखाया गया है, जो हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहा है। हिंदूवादी संगठनों की मांग है कि फिल्म से भोलेनाथ का किरदार हटाकर ही फिल्म को रिलीज किया जाए। अगर ऐसा नहीं किया जाता तो इसका विरोध जारी रहेगा और फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।राष्ट्रीय परिषद ने चेतावनी दी है कि वो सिनेमाघरों में आग लगाने से भी पीछे नहीं हटेगा। गौरतलब है कि अक्षय कुमार फिल्म में शिव के दूत का रोल प्ले कर रहे हैं,जो पंकज त्रिपाठी की परेशानी को दूर करने के लिए धरती पर अवतरित होते हैं।