चेन्नई। साउथ के सिनेमा जगत से बड़ी खबर आई है। तमिल फिल्मों के जाने माने स्टार धनुष ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या रजनीकांत से तलाक लेने का फैसला किया है। धनुष और ऐश्वर्या ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसका एलान किया है। दोनों ने एक ही पोस्ट शेयर की है और कहा है कि वे अब अलग-अलग राह पकड़ रहे हैं। हाल ही में आई फिल्म ‘अतरंगी रे’ में धनुष भी नजर आए थे। ऐश्वर्या और धनुष की जोड़ी तमिल सिनेमा जगत की नामचीन और शानदार जोड़ियों में शुमार की जाती थी, लेकिन अब दोनों ने अपना अलग रास्ता पकड़ने का फैसला कर लिया। जाहिर है, उनके इस फैसले से धनुष और रजनीकांत के फैंस को बड़ा धक्का जरूर लगा होगा।
धनुष ने ट्विटर और ऐश्वर्या ने इंस्टाग्राम में अपने तलाक के बारे में साझा बयान जारी किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है, ’18 साल का साथ। दोस्तों के तौर पर, जीवनसाथी के तौर पर, पैरेंट्स के तौर पर. एक दूसरे का शुभ चिंतक होने के तौर पर, ये यात्रा एक साथ आगे बढ़ने, समझने, एडजस्ट करने और अपनाने वाली रही है। हम आज उस जगह हैं, जहां हमारे रास्ते अलग हो गए हैं। ऐश्वर्या और मैंने बतौर दंपति अलग होने का फैसला कर लिया है, और अब हम निजी तौर पर खुद को और बेहतर तरीके से समझने के लिए वक्त देंगे। हमारे फैसले का सम्मान करें और हमें इससे उबरने के लिए निजता दें। ओम नम: शिवाय
प्यार फैलाइए।’
????? pic.twitter.com/hAPu2aPp4n
— Dhanush (@dhanushkraja) January 17, 2022
वहीं, ऐश्वर्या रजनीकांत ने यही पोस्ट अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि किसी कैप्शन की जरूरत नहीं है। बस आपके प्यार और समझ की जरूरत है। ऐश्वर्या और धनुष की शादी साल 2004 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। ऐश्वर्या प्लेबैक सिंगर भी हैं। दोनों ने अपने तलाक का कारण नहीं बताया है। ये भी अभी साफ नहीं है कि बच्चे किसके पास रहेंगे या दोनों बच्चों में से एक-एक को धनुष और ऐश्वर्या रखेंगे। बहरहाल, तमिलनाडु के सेलिब्रिटी जगत से ये सबसे बड़ी खबर आई है।