
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के फैंस के लिए एक बुरी खबर है। जाह्नवी कपूर की तबियत खराब हो गई है और उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जाह्नवी को फूड प्वाइजनिंग के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। जाह्नवी को अभी एक या दो दिन अस्पताल में रहना पड़ सकता है। जाह्नवी कपूर की तबीयत खराब होने की जानकारी उनके पिता फिल्म निर्माता और निर्देशक बोनी कपूर ने दी है। हालांकि फिलहाल उनकी तबियत में कितना सुधार है इस बारे में बोनी कपूर ने कुछ नहीं बताया है।
हाल ही में अनंत अंबानी की शादी के सभी फंक्शंस में जाह्नवी कपूर को जमकर एन्जॉय करते हुए देखा गया था। जाह्नवी ने प्री वेडिंग से लेकर वेडिंग तक में जमकर मस्ती की थी और उनके कई वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। उस समय जाह्नवी बिलकुल ठीक थी। मगर अचानक उनको फूड प्वाइजनिंग हो गई। जाह्वनी के करियर की बात करें तो उनकी नई फिल्म ‘उलझ’ जिसमें उन्होंने एक आईपीएस आफीसर का रोल अदा किया है, 2 अगस्त को रिलीज होने वाली है। इससे पहले जाह्नवी ‘मिसेज एंड मिसेज माही’ में दिखी थीं और ये फिल्म 31 मई को रिलीज हुई थी।
जाह्नवी कपूर ने फिल्म धड़क से बालीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में जाह्नवी की एक्टिंग को लोगों ने बहुत पसंद किया था और उनकी तुलना श्रीदेवी से की थी। इस फिल्म के रिलीज से पहले ही जाह्नवी की मां श्रीदेवी की मौत हो गई थी। जाह्नवी बालीवुड के साथ-साथ ओटीटी और साउथ फिल्मों में भी हाथ आजमा रही हैं। जाह्नवी के पास साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर और राम चरण स्टारर फिल्म हैं। जूनियर एनटीआर के साथ ‘देवरा : पार्ट 1’ फिल्म में जाह्नवी को कास्ट किया गया है वहीं राम चरण की फिल्म ‘आरसी 16’ में भी जाह्नवी अपने अभिनय का जलवा दिखाएंगी।