
नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक (Satish Kaushik Death) का निधन हो गया है। बॉलीवुड में अपनी दमदार एक्टिंग से पहचान बनाने वाले मशहूर एक्टर के निधन के बाद से ही सिने इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि एक्टर का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ है। जानकारी के लिए बता दें कि सतीश कौशिक से पहले बॉलीवुड के कई सेलेब्स हार्ट अटैक की वजह से अपनी जान गवा चुके हैं। चलिए आपको दिखाते हैं हार्ट अटैक से जान गवाने वाले सेलेब्स की पूरी लिस्ट…
जानता हूँ “मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है!” पर ये बात मैं जीते जी कभी अपने जिगरी दोस्त #SatishKaushik के बारे में लिखूँगा, ये मैंने सपने में भी नहीं सोचा था।45 साल की दोस्ती पर ऐसे अचानक पूर्णविराम !! Life will NEVER be the same without you SATISH ! ओम् शांति! ??? pic.twitter.com/WC5Yutwvqc
— Anupam Kher (@AnupamPKher) March 8, 2023
बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में शुमार श्रीदेवी ऐसी अभिनेत्री हैं जिनके निधन ने सभी को चौंका दिया था। एक्ट्रेस का निधन 24 फरवरी 2018 को हुआ था। बता दें कि एक्ट्रेस दुबई के एक होटल के रूम में मृत पाई गई थी। उनके निधन को लेकर कहा गया कि हार्ट अटैक की वजह से उनकी जान गई।
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर रहे ओम पुरी भी दुनिया से रूखसत ले चुके हैं। एक्टर का निधन भी हार्ट अटैक की वजह से हुआ। 6 जनवरी 2017 को एक्टर ने इस दुनिया को अलविदा कहा था।
हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री में ‘मां’ के बेहतरीन किरदार को निभाकर लोगों के दिलों में अपने लिए जगह बनाने वाले रीमा लागू का 18 मई 2017 को निधन हो गया था। उनकी जान भी हार्ट अटैक की वजह से ही गई थी।
बिग बॉस जीत कर चर्चा में आए सिद्धार्थ शुक्ला की फैन फॉलोइंग कितनी है ये तो सभी जानते हैं। एक्टर का निधन साल 2021 में हुआ था। बताया गया कि 40 साल के एक्टर की जान हार्ट अटैक की वजह से गई। हालांकि इस खबर को सुनने के बाद सभी हैरान रह गए थे कि इतने यंग एक्टर की जान कैसे हार्ट अटैक से जा सकती है।
केके के नाम से जाने जाने वाले टैलेंटेड सिंगर कृष्णकुमार कुन्नथ (Krishnakumar Kunnath) के निधन पर तो पूरे देश में सन्नाटा पसर गया था। सिंगर एक कॉन्सर्ट में थे इस दौरान उनकी सेहत बिगड़ने लगी थी। इसके बाद खबर आई की उनकी मौत हो गई है। बाद में इसका वीडियो भी सामने आया था जिसमें सिंगर की हालत खराब होते नजर आई। बताया गया कि 53 साल के एक्टर की जान हार्ट अटैक की वजह से गई।
कॉमेडी किंग कहे जाने वाले राजू श्रीवास्तव का निधन बीते साल 2022 में ही हुआ। कॉमेडियन को हार्ट अटैक आया था इसके बाद काफी समय तक दिल्ली के एम्स अस्पताल में उनका इलाज भी चला लेकिन 21 सितंबर 2022 को उनका निधन हो गया। कॉमेडियन के निधन से लोगों को बड़ा झटका लगा था।