Miss World 2023: तीन दशकों बाद भारत करेगा ‘मिस वर्ल्ड 2023’ की मेजबानी, जानें प्रतियोगिता से जुड़ी बातें

Miss World 2023: मौजूदा मिस इंडिया सिनी शेट्टी भी भारत के इस कार्यक्रम की मेजबानी करने को लेकर उतनी ही उत्साहित और उत्सुक नजर आईं। सिनी ने कहा- मैं दुनिया भर से आई सभी सुंदरियों से मिलने के लिए बेहद उत्साहित हूं। उन्हें यह दिखाने के लिए उत्सुक हूं कि भारत वास्तव में क्या है।

Avatar Written by: June 9, 2023 4:08 pm

नई दिल्ली। भारत मिस वर्ल्ड 2023 प्रतियोगिता की मेजबानी करने के लिए तैयार है। सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता लगभग तीन दशकों के बाद देश में वापसी कर रही है। जी हां, मिस वर्ल्ड का मोस्ट अवेटेड 71वां संस्करण इस साल नवंबर के महीने में भारत में आयोजित होने जा रहा है। प्रतियोगिता की अंतिम तारीखों का खुलासा होना अभी बाकी है। आपको बता दें कि इससे पहले भारत ने साल 1996 में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी की थी।

गुरुवार को एक प्रेस कॉफ्रेंस में मिस वर्ल्ड कॉम्पिटिशन के चेयरपर्सन और सीईओ जूलिया मॉर्ले ने कहा- ‘मुझे मिस वर्ल्ड कॉम्पिटिशन के 71वें संस्करण के फाइनल के होस्ट के रूप में भारत की घोषणा करते हुए बहुत ख़ुशी हो रही है। हम आपकी संस्कृति को बाकी दुनिया के साथ साझा करने के लिए बेताब हैं।’ जूलिया मॉर्ले ने आगे कहा कि- ’71वां मिस वर्ल्ड 2023 भारत में चलने वाली अपनी एक महीने की यात्रा में 130 राष्ट्रीय चैंपियन की उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगा। ये अब तक का सबसे शानदार मिस वर्ल्ड होने वाला है। महीने भर चलने वाले इस कॉम्पिटिशन मे 130 से ज्यादा देश हिस्सा लेंगे।’

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के प्रोमोशन के लिए भारत में मौजूद पोलैंड की विश्व सुंदरी, करोलिना बिलावस्का ने कहा कि- ‘वो भारत जैसे खूबसूरत देश में अपना ताज सौंपने के लिए बेहद उत्साहित हैं। भारत पूरी दुनिया में अपनी मेहमान-नवाजी के लिए मशहूर है। भारत के पारिवारिक मूल्य, प्यार, सम्मान और दयालुता को हम पूरी दुनिया के सामने दिखाना पसंद करेंगे। ये एक महीना हम सब के लिए बहुत ही खास होने वाला है।

वहीं मौजूदा मिस इंडिया सिनी शेट्टी भी भारत के इस कार्यक्रम की मेजबानी करने को लेकर उतनी ही उत्साहित और उत्सुक नजर आईं। सिनी ने कहा- ‘मैं दुनिया भर से आई सभी सुंदरियों से मिलने के लिए बेहद उत्साहित हूं। उन्हें यह दिखाने के लिए उत्सुक हूं कि भारत वास्तव में क्या है। भारतीय संस्कृति से आपलोगों का परिचय कराने के लिए मैं बेताब हूं और मुझे यकीन है कि यहां भारत में आपलोगों का समय बेहतरीन गुजरेगा।’