
मुंबई। फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने फिल्म ‘फुले’ की रिलीज टलने के मामले में बयान दिया था और उस पर एक यूजर के कमेंट पर ब्राह्मणों के बारे में विवादित बात कही थी। अनुराग कश्यप ने कहा था कि वो ब्राह्मणों पर पेशाब करेंगे। इसी पर अब अनुराग कश्यप मुश्किल में फंस गए हैं। ब्राह्मणों का अपमान करने वाली टिप्पणी की शिकायत मुंबई के पुलिस कमिश्नर से की गई है। अनुराग कश्यप के खिलाफ ये शिकायत बॉम्बे हाईकोर्ट के वकील आशीष राय और पंकज मिश्रा ने की है। शिकायत में कहा गया है कि अनुराग कश्यप ने फिल्म के प्रमोशन के लिए सोशल मीडिया पर ब्राह्मणों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। ये हेट स्पीच के दायरे में आता है।

मुंबई पुलिस कमिश्नर से अनुराग कश्यप की शिकायत कर कहा गया है कि ये घिनौना हेट स्पीच पूरे ब्राह्मण समाज को नीचा दिखाकर पब्लिसिटी के उद्देश्य से किया गया। अनुराग कश्यप के खिलाफ पुलिस से हुई शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की तमाम धाराओं और आईटी एक्ट की धाराओं का उल्लेख कर एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा गया। वहीं, सुप्रीम कोर्ट की ओर से अश्विनी कुमार बनाम भारत सरकार मुकदमे में दिए गए दिशा-निर्देशों का भी उल्लेख किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि हेट स्पीच में राज्य को खुद संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे शांति और व्यवस्था को खतरा न हो।
पिछले दिनों फिल्म ‘फुले’ का ट्रेलर आया था। जिस पर महाराष्ट्र के ब्राह्मण समाज ने आपत्ति जताई थी। ब्राह्मण समाज का कहना है कि फिल्म से जातिवाद को बढ़ावा मिलेगा और साथ ही इसमें किरदारों को गलत परिप्रेक्ष्य में दिखाया गया है। इस पर सेंसर बोर्ड ने फिल्म फुले में काट-छांट करने को कहा। नतीजे में फिल्म की रिलीज टल गई। इस पर अनुराग कश्यप ने सवाल उठाया था। जिसमें एक यूजर ने रिएक्शन दिया, तो अनुराग कश्यप ने ये लिख दिया था कि वो ब्राह्मणों पर पेशाब करना चाहते हैं। हंगामा बढ़ने पर अनुराग कश्यप ने फिर सफाई तो दी, लेकिन परिवार की महिलाओं को रेप और हत्या की धमकी की बात कहते हुए एक बार फिर ब्राह्मणों पर ही निशाना साध दिया।