![Tunisha Sharma Suicide: तुनिशा शर्मा की मौत के मामले में को-स्टार शीजान को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार, मां का आरोप- ब्रेकअप से टूट गई थी बेटी](https://hindi.newsroompost.com/wp-content/uploads/2022/12/tunisha-sharma-and-sheezan-mohammad-khan-1000x600.jpg)
मुंबई। ‘अलीबाबा दास्तान-ए-काबुल’ सीरियल की एक्टर तुनिशा शर्मा की मौत के मामले में मुंबई पुलिस ने शनिवार देर रात उनके को-स्टार शीजान मोहम्मद खान को गिरफ्तार कर लिया। शीजान पर तुनिशा की मां ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शीजान पर आईपीसी की धारा 306 लगाई है। तुनिशा का शव शनिवार को नायगांव में सीरियल के सेट से लगे मेकअप रूम में फंदे पर झूलता मिला था। ये मेकअप रूम शीजान का ही है। हालांकि, शीजान ने पुलिस को बताया है कि वो बाहर गए थे। लौटकर आए, तो मेकअप रूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर नॉक करने पर भी दरवाजा नहीं खुला। फिर उसे उन्होंने तोड़ा।
शीजान के मुताबिक वो जब भीतर गए, तो फंदे पर तुनिशा झूल रही थीं। उनको उतारकर हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस को खबर दी गई। वहीं, तुनिशा की मां के मुताबिक उनकी बेटी और शीजान के बीच रिलेशनशिप थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि शीजान ने बीते दिनों ही तुनिशा से ब्रेकअप कर लिया था। इससे तुनिशा परेशान थीं। पुलिस का कहना है कि तुनिशा ने कोई सुसाइड नोट नहीं लिखा है। पुलिस इसमें हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। सारे सबूत जुटाए जा रहे हैं।
इस मामले में सीरियल में काम करने वालों से भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही तुनिशा के दोस्तों से भी पुलिस जानकारी लेगी। तुनिशा कई शो में काम कर चुकी थीं। इसके अलावा उन्होंने ‘बार-बार देखो’ और ‘फितूर’ फिल्मों में कटरीना कैफ के यंग अवतार में भी रोल किए थे। इसके साथ ही तुनिशा शर्मा ने विद्या बालन की फिल्म ‘कहानी-2’ में भी रोल किया था। उनकी उम्र महज 20 साल थी। इतनी कम उम्र में अचानक सुसाइड करना किसी के गले नहीं उतर रहा है। जबकि, कुछ घंटे पहले ही तुनिशा ने इंस्टाग्राम पोस्ट भी किया था। जिसमें किसी सदमे जैसी स्थिति की जानकारी तक नहीं दी थी।