सोनू सूद ने प्रवासियों को चार्टर्ड विमान से भेजा घर, अब सीएम रावत ने कहा- शुक्रिया

बॉलीवुड एक्टर और मजदूरों के मसीहा सोनू सूद ने अब लॉकडाउन में फंसे प्रवासियों को चार्टर्ड विमान द्वारा उनके घर भेजा। जिस पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें धन्यवाद दिया।

Avatar Written by: June 7, 2020 9:07 am

नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर और मजदूरों के मसीहा सोनू सूद ने अब लॉकडाउन में फंसे प्रवासियों को चार्टर्ड विमान द्वारा उनके घर भेजा। जिस पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें धन्यवाद दिया।

इतना ही नहीं उन्हें कोरोना वायरस संकट खत्म होने के बाद पहाड़ी राज्य में आने के लिए आमंत्रित किया। अपना आभार व्यक्त करने के लिए रावत ने सूद से फोन पर बात भी की।

सीएम रावत ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, “फिल्म अभिनेता सोनू सूद के मानवीय कृत्य के लिए उनका शुक्रिया अदा करने के लिए आज फोन पर बात की। उन्होंने और उन सभी धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने सराहनीय काम किया है जिन्होंने प्रवासियों को उनके गृह राज्यों में वापस लौटने में मदद की है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सूद को कोरोना वायरस संकट खत्म होने के बाद पहाड़ी राज्य में आने के लिए आमंत्रित किया है। रावत से बात करने के बाद सोनू ने ट्वीट कर लिखा कि मुख्यमंत्री से मिली सराहना के बाद उन्हें और मजबूती मिली है।