नई दिल्ली। सिद्धार्थ शुक्ला टीवी इंडस्ट्री के फेमस स्टार्स में से एक थे, जिन्होंने हर बार अपने काम से दर्शकों का दिल जीता था। 2 सितंबर साल 2021 को एक्टर की अचानक निधन ने पूरी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया था। फैमिली, दोस्त और फैन सभी को गहरा सदमा लगा था। 40 वर्षीय सिद्धार्थ के निधन का कारण कार्डियक अरेस्ट था। सिद्धार्थ सिर्फ एक एक्टर नहीं कई लोगों के लिए एक आइकॉन थे। उन्होंने बतौर मॉडल अपना करियर शुरू किया था और जल्द ही इंडस्ट्री में अपना बड़ा नाम बना लिया। सिर्फ सिद्धार्थ के काम ने उन्हें लोगों का पसंदीदा नहीं बनाया था बल्कि उनकी पर्सनैलिटी, विनम्रता और ऑफ-स्क्रीन मिजाज था, जो उन्हें सबसे अलग बनाता था।
Sidharth Shukla के हैंडसम लुक और स्क्रीन पर उनकी एक्टिंग ने उन्हें जल्द ही लोगों का फेवरेट बना दिया था। इसके बाद एक्टर ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ में हिस्सा लिया और देश भर से जबरदस्त लोकप्रियता पाई। बिग बॉस 13 में सिद्धार्थ लार्जर दैन लाइफ इंसान बनकर उभरे। उनके अनफ़िल्टर्ड चेहरे और दर्शकों से जुड़ने की कला ने उन्हें फैंस का पसंदीदा बना दिया। एक्ट्रेस शहनाज गिल के साथ उनके बॉन्ड ने भी दर्शकों का दिल छुआ।
सब कुछ सही चल रहा था कि साल 2021 में आज के दिन सुबह साढ़े तीन बजे के करीब सिद्धार्थ के सीने में दर्द उठा। एक्टर ने ठंडे पानी की मांग की और इसे पीकर वापस सो गए। हालांकि, दर्द रुकने के बजाए बढ़ गया और सुबह वापस से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। एक्टर ने फिर से पानी मांगा और पानी पीते ही बेहोश होकर गिर गए।
आनन-फानन में डॉक्टर को बुलाया गया। डॉक्टर ने उनके पल्स की जांच की और तुरंत हॉस्पिटल में एडमिट कराने को कहा। घरवाले जैसे ही एक्टर को लेकर मुंबई के कूपर हॉस्पिटल पहुंचे, डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ये खबर जैसे ही बाहर वायरल हुई फैंस समेत दोस्त सभी सकते में आ गए। आज भी सिद्धार्थ का जाना खलता है। हम आज उनकी पुण्यतिथि के मौके पर उनकी आत्मा की शांति और परिवार की सुख-शांति की कामना करते हैं।