
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत तथा गीतकार जावेद अख्तर के बीच लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई आज खत्म हो गई। कंगना रनौत और जावेद अख्तर ने मध्यस्थता के जरिए आपस में सुलह कर ली। दरअसल यह मानहानि का केस था जो जावेद अख्तर ने कंगना रनौत के खिलाफ दर्ज कराया था। कंगना ने अपने इंस्टा पोस्ट पर जावेद अख्तर के साथ फोटो शेयर करते हुए केस खत्म होने की जानकारी साझा की है। इतना ही नहीं कंगना ने यह भी बताया कि जावेद अख्तर उनकी अगली फिल्म के लिए गाने लिखने को भी तैयार हो गए हैं।
कंगना ने इंस्टाग्राम पर लिखा, जावेद जी और मैंने अपनी कानूनी लड़ाई (मानहानि केस) को मध्यस्थता के जरिए खत्म कर लिया है। इस मध्यस्थता के दौरान जावेद जी का स्वभाव काफी नम्र और विनीत भरा रहा। उन्होंने मेरे डायरेक्शन में बनने वाली अगली फिल्म के लिए गाने लिखने पर भी रजामंदी दे दी है। हालांकि इससे पहले 2024 में भी दोनों के बीच केस खत्म करने को लेकर राजमंदी बन गई थी लेकिन संसदीय कामों में व्यस्तता के चलते कंगना उपस्थित नहीं हो पाई थीं।
यह मामला कंगना रनौत और ऋतिक रोशन से जुड़ा हुआ है। साल 2016 में कंगना रनौत का ऋतिक रोशन से विवाद मामले ने काफी तूल पकड़ा था। कंगना ने हर इंटरव्यू में खुलकर ऋतिक रोशन पर आरोप लगाए थे। इसके बाद एक इंटरव्यू में कंगना ने कहा था ऋतिक रोशन से विवाद के बीच उनके करीबी जावेद अख्तर मुझसे मिले थे। उस मीटिंग जावेद अख्तर ने मुझसे ऋतिक रोशन से माफी मांगने को कहा था। जब कंगना का यह इंटरव्यू प्रसारित हुआ तो इस पर जावेद अख्तर ने आपत्ति जताई और उन्होंने कंगना के खिलाफ मानहानि का मुकदमा कर दिया। बाद में कंगना ने भी जावेद अख्तर के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी थी।