newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Top Grossing Movie 2022: साल 2022 में इन फिल्मों ने किया जबरदस्त कलेक्शन, ओटीटी प्लेटफार्म पर अब भी देख सकते हैं साल 2022 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म

Top Grossing Movie 2022: अगर हम 2022 की टॉप कमाई करने वाली फिल्म का नाम देखेंगे तो उसमें साउथ की फिल्म का ही नाम आता है और बॉलीवुड की फिल्म काफी पीछे खड़ी दिखाई देती है। इस साल बॉलीवुड ने कई फ्लॉप फिल्म दी है। यहां हम बात करेंगे साल 2022 की उन फिल्मों के बारे में जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया है।

नई दिल्ली। फिल्मों के हिसाब से ये साल खूब चर्चा में रहा। ये ही साल क्यों मनोरंजन के नाम पर तो हर साल चर्चा में बना रहता है। लेकिन ये साल इसलिए चर्चा में बना रहा क्योंकि इस साल साउथ फिल्म का जादू चला वहीं बॉलीवुड का जादू काम नहीं कर पाया। वो बॉलीवुड जिसके सामने साउथ सिनेमा उस गति से नहीं टिकता था जिस गति से आज टिका हुआ है। आज बॉलीवुड की फिल्में, कलेक्शन के मामले में साऊथ की फिल्मों से कई हद तक पीछे हैं। अगर हम 2022 की टॉप कमाई करने वाली फिल्म का नाम देखेंगे तो उसमें साउथ की फिल्म का ही नाम आता है और बॉलीवुड की फिल्म काफी पीछे खड़ी दिखाई देती है। इस साल बॉलीवुड ने कई फ्लॉप फिल्म दी है। यहां हम बात करेंगे साल 2022 की उन फिल्मों के बारे में जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया है।

केजीएफ 2

यश अभिनयकृत फिल्म केजीएफ 2 फिल्म साल 2022 की सबसे ज्यादा कमाऊ फिल्म बनी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 980 करोड़ रूपये के आसपास का बिजनेस किया है। रॉकी भाई के नाम से फेमस यश की फैन फॉलोविंग साल 2022 में एक बार फिर से बढ़ गई है। अगर आपने 2022 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म को अब तक नहीं देखा है तो अब आप उसे अमेज़न प्राइम के ओटीटी प्लेटफार्म पर देख सकते हैं।

आरआरआर

राजामौली के निर्देशन में बनी इस फिल्म का नाम अब तक तो सबने सुन लिया होगा। इसके अलावा ज्यादातर लोगों ने इस फिल्म को देखा भी होगा। लेकिन फिर भी अगर आपने अब तक इसे नहीं देखा है तो आप ओटीटी पर जाकर इसे देख सकते हैं। ये आपको नेटफ्लिक्स के ओटीटी प्लेटफार्म पर देखने को मिल जाएगी। ये फिल्म साल 2022 की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्मों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। इस फिल्म ने करीब 901 करोड़ रूपये का कारोबार किया है।

अवतार: द वे ऑफ़ वाटर

जेम्स कैमेरॉन की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार बिजनेस कर रही है। इस फिल्म में जहां हॉलीवुड में करीब 15 दिन में 1 बिलियन की कमाई करी है। वहीं मात्र 15 दिन में 374 करोड़ रूपये के आसपास कमाई कर चुकी है। आने वाले दिनों में इसकी कमाई और बढ़ने वाली है उम्मीद है फिल्म 450 करोड़ रूपये से ऊपर का कारोबार करेगी। मात्र 15 दिन में ही हॉलीवुड की ये फिल्म साल 2022 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म की लिस्ट में तीसरे नंबर पर है।

कांतारा

कन्नड़ा फिल्म का तो इस साल जादू रहा है। जहां केजीएफ 2 सबसे ज्यादा कमाई करके पहले नंबर की फिल्म बनी हुई है। वहीं ऋषभ शेट्टी की कांतारा फिल्म भी साल 2022 में कमाई के मामले में चौथे नंबर की फिल्म बनी है। जिसने साल 2022 में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया है। कुल 361 करोड़ रूपये का कारोबार फिल्म ने किया है। इसे आप ओटीटी प्लेटफार्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

पोन्नियन सेलवन 1

मणिरत्नम का सिनेमा अगर आपने अब तक नहीं देखा है तो अब देख डालिए। दक्षिण भाषा की एक और फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म की लिस्ट में शामिल है। पोन्नियन सेलवन 1 ने करीब 327 करोड़ रूपये का कारोबार किया है। इस हिसाब से साल 2022 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म की लिस्ट में पोन्नियन सेलवन 1 पांचवे नंबर पर है। इसे आप ओटीटी प्लेटफार्म अमेज़न प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं। पोन्नियन सेलवन 2 को 28 अप्रैल 2023 में रिलीज़ किया जाएगा।

ब्रह्मास्त्र: पार्ट एक

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म का जोरों से बहिष्कार हुआ। लेकिन फिर भी फिल्म करीब 310 करोड़ रूपये का कारोबार करने में सफल रही। हालांकि इस फिल्म को लेकर काफी कॉन्ट्रोवर्सी हैं। पहले इस फिल्म का बजट 400 करोड़ रूपये से ऊपर बताया गया था लेकिन जब ये फिल्म बजट के मुताबिक कारोबार नहीं कर सकी तो अलग कहानी गढ़ी गई। जो भी हो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 2022 की कमाई करने वाली फिल्म की लिस्ट में शामिल हो गई। इसे भी आप ओटीटी प्लेटफार्म डिज़्नी हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

विक्रम

कमल हासन की एक और साउथ फिल्म इस साल कमाई के मामले में टॉप पर रही और फिल्म ने करीब 307 करोड़ रूपये से ऊपर का कलेक्शन किया। साउथ की एक और फिल्म ने साल 2022 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म की लिस्ट में अपनी जगह बनाई। इसे आप ओटीटी प्लेटफार्म डिज़्नी हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

द कश्मीर फाइल्स

विवेक अग्निहोत्री की फिल्म जो काफी विवादों में रही। इस साल की बॉलीवुड की पहली ऐसी फिल्म बनी थी जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तब कमाई की थी जब भारत कोरोना की महामारी से बस उभरा ही था। तब इस फिल्म ने दर्शकों से खूब प्रशंसा बटोरी और साल 2022 की सफल फिल्म बनी। इस फिल्म ने करीब 281 करोड़ रूपये का कारोबार किया। इसे आप ओटीटी प्लेटफार्म ज़ी5 पर देख सकते हैं।

भूल भुलैया 2

कार्तिक आर्यन ने इस साल जिस फिल्म से सबसे ज्यादा नाम कमाया वो फिल्म भूल भुलैया 2 थी। इसे आप नेटफ्लिक्स के ओटीटी प्लेटफार्म पर देख सकते हैं। इस फिल्म ने करीब 218 करोड़ रूपये का कारोबार किया था। बॉलीवुड की जो चंद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई कर सकीं उनमें से एक फिल्म भूल भुलैया 2 है।

गंगूबाई काठियावाड़ी

आलिया भट्ट अभिनयकृत और संजय लीला भंसाली निर्देशित फिल्म ने कारोबार तो किया लेकिन इस फिल्म का बजट भी काफी अधिक था फिल्म ने करीब 150 करोड़ रूपये का कारोबार किया वहीं फिल्म का बजट करीब 100 से 150 करोड़ रूपये के आसपास था। इस हिसाब से ये फिल्म एक सफल फिल्म तो नहीं बनी लेकिन फिल्म ने कमाई ठीक-ठाक की है। इसे आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

इन सभी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर बिजनेस किया है। बाकी अन्य फिल्म जो बॉक्स ऑफिस पर अच्छा बिजनेस कर सकीं हैं वो भी दक्षिण भाषा में बनी फिल्म है। जिसमें बीस्ट, सरकारु वारी पाटा, और भीमला नायक जैसी फिल्म शामिल हैं। बाकी किसी भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार बिजनेस नहीं किया है। इसके अलावा इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में बॉलीवुड की मात्र तीन से चार फिल्म ने ही अच्छा बिजनेस किया है। बाकी साउथ की फिल्म ने बिजनेस किया है और बॉलीवुड की फिल्म फ्लॉप रही हैं।