
नई दिल्ली। इस वक्त सोशल मीडिया पर अब्दु रोजिक की सुर्खियों में है, जिसने फैंस का ही नहीं बल्कि बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान का भी दिल जीत लिया है। अब्दु रोजिक, सलमान के बहुत बड़े फैन हैं। हाल ही में बॉलीवुड स्टार सलमान खान जब दुबई में एक इवेंट में पहुंचे तो इस इवेंट के दौरान अब्दु की सलमान खान से मुलाकात हुई। इसके साथ ही वह खुद को रोक नहीं पाए और ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ गाना गाया और सलमान का दिल जीत लिया। सलमान ने भी अब्दु रोजिक को तुरंत गले लगा लिया। अब्दु कौन है, कहां के रहने वाले हैं, उनकी क्या उम्र है? वह इतने फेमस क्यों हैं? अब्दु को लेकर लोग सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल पूछ रहे हैं और इस छोटे सिंगर के बारे में जानना चाहते हैं। तो फिर देर किस बात की। आपके सभी सवालों के जवाब हम आपको यहां बताने वाले हैं।
कौन हैं अब्दु रोजिक
अब्दु रोजिक ताजिकिस्तान में रहते हैं और वे दुनिया के सबसे छोटे सिंगर है। इनका जन्म 18 सितंबर 2003 को हुआ था और ये अभी सिर्फ 18 साल के हैं। अब्दु वैसे तो ये पेशे से रैप सिंगर है, लेकिन उनका सिंगिंग टैलेंट जबरदस्त है। उन्हें ताजिकिस्तान के रैप सॉन्ग गाकर पॉपुलैरिटी मिली। रोजिक का एक यूट्यूब चैनल भी है, जिसका नाम एवलोड मीडिया है। इस पर उनके लाखों फैंस हैं। जो इन्हें फॉलो करते हैं। सोशल मीडिया पर मौजूद जानकारी के अनुसार, अब्दु रोजिक रिकेट्स नाम की बीमारी से जूझ रहे है, जिसे सूखा रोग भी कहा जाता है। यह शरीर में कैल्शियम और विटामिन डी की कमी से होता है। इसकी वजह से शरीर टेढ़ा-मेढ़ा और हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। अब्दु रोजिक की इस बीमारी की वजह से उनकी लंबाई रुक गई। पैसों की कमी की वजह से परिवार अब्दु रोजिक का इलाज नहीं करवा पाया। अब्दु रोजिक के पैरंट्स तजाकिस्तान के पंजे कांत में रहते हैं। अब्दु का परिवार गार्डनिंग सेक्टर में काम करता है। अब्दु रोजिक की हाइट 3 फीट 2 इंच बताई जाती है।
अब्दु हैं बॉलीवुड के फैन
अब्दु रोजिक सिर्फ सलमान खान के ही नहीं बल्कि बॉलीवुड के बड़े फैन हैं। इन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एआर रहमान से लेकर सोनू सूद, टाइगर श्रॉफ और यो यो हनी सिंह समेत कई सेलेब्स के साथ तस्वीरें साझा की हैं।