
नई दिल्ली। मुंबई पुलिस ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में तलाशी अभियान चलाकर अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह खुलासा हुआ है कि हमले में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड महिला के नाम पर पंजीकृत था। मुंबई पुलिस की दो सदस्यीय टीम रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से नदिया जिले के छपरा इलाके से महिला को गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि महिला को मुंबई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड का आवेदन किया जाएगा।
महिला और हमलावर का कनेक्शन
गिरफ्तार महिला की पहचान खुखुमोनी जहांगीर शेख के रूप में हुई है, जो पहले से गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल फकीर की परिचित बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फकीर ने भारत-बांग्लादेश सीमा के पास सिलीगुड़ी से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था और महिला के संपर्क में आया। महिला पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के अंदुलिया की रहने वाली है।
सैफ अली खान पर चाकू से हुआ था हमला
मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में 16 जनवरी को सैफ अली खान पर हमलावर ने चाकू से हमला किया था। हमलावर ने सैफ पर छह बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चला। सैफ को 21 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।