newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Kasganj Accident: कासगंज में तालाब में ट्रैक्टर-ट्रॉली गिरने से 22 लोगों की मौत, सीएम योगी ने दुख जताते हुए किया मुआवजे का एलान

Kasganj Accident: कासगंज मे हुए इस बड़े हादसे पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की है। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को राहत कोष से 2-2 लाख और गंभीर घायलों को 50-50 हजार देने का निर्देश दिया

कासगंज/लखनऊ। यूपी के कासगंज में बड़ा हादसा हुआ है। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली एक तालाब में पलट गई। इससे उस पर सवार 22 लोगों की मौत की खबर है। इनमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। कई लोग घायल भी हैं। घायलों को बड़े अस्पतालों के लिए रेफर किया गया है। ये लोग माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए पटियाली से कादरगंज जा रहे थे। कासगंज मे हुए इस बड़े हादसे पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की है। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को राहत कोष से 2-2 लाख और गंभीर घायलों को 50-50 हजार देने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी घायलों का मुफ्त इलाज भी करने को कहा है।

कासगंज पुलिस के मुताबिक माघ पूर्णिमा के मौके पर जिले के लोग कादरगंज में गंगा नदी के घाट जाते हैं। इन्हीं में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार लोग भी थे। एक तालाब के पास पहुंचने पर ट्रैक्टर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। जिससे ट्रैक्टर और उससे जुड़ी ट्रॉली तेजी से तालाब में जा गिरी। इस हादसे से वहां हायतौबा मच गई। ट्रॉली सवार जो लोग घायल हुए थे, वो जोर से चीख-पुकार मचा रहे थे। इनकी चीखपुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव का काम शुरू किया। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। उस वक्त तक मौके पर ही 12 लोगों की जान जा चुकी थी।

सरकारी नियमों के मुताबिक हाइवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लोगों के आवागमन पर रोक है। इसके बाद भी ट्रॉली में लोगों को बिठाकर ट्रैक्टर चालक जा रहा था। आखिर उसे क्यों रोका नहीं गया, ये बड़ा सवाल उठ रहा है? पहले भी ट्रैक्टर-ट्रॉली से इसी तरह के हादसे तमाम राज्यों में देखने को मिले हैं। जिनमें बड़ी तादाद में मौतें होती रही हैं। इसके बाद ही ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए लोगों को लाने और ले जाने पर रोक का नियम लागू किया गया था।