
नई दिल्ली। देश भर में H3N2 इन्फ्लुएंजा का खतरा मड़राने लगा है। इस वायरस से अब तक लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है। मंत्रालय का दावा है कि हरियाणा और कर्नाटक में एक-एक मरीजों ने अबतक अस्पताल में दम तोड़ा है। वहीं H3N2 इन्फ्लूएंजा के खतरे को देखते भारत सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने H3N2 इन्फ्लुएंजा वायरस के बढ़ते मामलों के बीच समीक्षा बैठक की। इसकी जानकारी उन्होंने खुद अपने ट्विटर हैंडल के माध्यम से दी है। बता दें कि बीते कुछ दिनों में कोरोना और एच3एन2 के मामलों में अचानक से उछाल देखने को मिल है जो कि सभी देशवासियों के लिए चिंता का सबब बन रहा है।
उधर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक के बाद ट्वीट करते हुए लिखा, देश में H3N2 इन्फ्लुएंजा वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर समीक्षा बैठक की। राज्यों को अलर्ट रहने और स्थिति की बारीकी से निगरानी करने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। आगे उन्होंने बताया कि, सरकार स्थिति से निपटने के लिए राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है और सभी स्वास्थ्य उपायों के लिए तत्पर है।
देश में #H3N2 इन्फ्लुएंजा वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर समीक्षा बैठक की।
राज्यों को अलर्ट रहने और स्थिति की बारीकी से निगरानी करने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
केंद्र सरकार स्थिति से निपटने के लिए राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है और सभी स्वास्थ्य उपायों के लिए तत्पर है। https://t.co/VKQKPBu1ew
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) March 10, 2023
इसके अलावा ऐसी भी खबर है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में अब तक 6 लोगों की मौत हुई है। लेकिन इसकी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आ पाई है। फिलहाल स्वास्थ्य मंत्रालय इन 2 लोगों के अलावा अन्य 4 मरीजों की मौत की वजह जाने में जुटी हुई है।
उल्लेखनीय है कि अभी देश में एच3एन2 वायरस, जिसे हॉन्गकॉन्ग फ्लू के नाम से जाना जाता है। देश में अब तक इसके 90 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। उधर, एच1एन1 वायरस के भी आठ केस रिपोर्ट हुए हैं। इस बीच बढ़ते मामलों को लेकर डॉक्टरों की ओर से बयान भी जारी किया गया है। बता दें कि तेज बुखार, सर्दी, कफ, गले में खराश रहने के साथ-साथ सांस लेने में तकलीफ इसके लक्षण के तौर पर देखा जा रहा है।