newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Manipur Violence: मणिपुर में उपद्रवियों के हमले में 3 लोगों की मौत की खबर, हिंसा करने वालों और सुरक्षाबलों में फायरिंग जारी

बुधवार को भीड़ ने मणिपुर में दो थानों पर हमला कर दिया था। एक थाने से एके-47, इंसास रायफल, कार्बाइन, ग्रेनेड, मोर्टार जैसे करीब 700 हथियार और हजारों कारतूस भीड़ ने लूट लिए थे। मणिपुर में अब तक उपद्रवियों ने 4000 हथियार और एक लाख कारतूस लूटे हैं। सुरक्षाबलों की अपील के बाद सिर्फ 1600 हथियार ही वापस किए गए।

इंफाल। मणिपुर में बफर जोन को पार करने की कोशिश कर रहे उपद्रवियों और सुरक्षाबलों के बीच संघर्ष में 3 लोगों की मौत होने की खबर है। सुरक्षाबलों और उपद्रवियों के बीच शुक्रवार से फायरिंग चल रही है। ये घटना टेराखोंगसांगबी कांगवे और थोरबुंग में हुई। यहां सुरक्षाबलों ने बफर जोन बनाया है। इस बफर जोन के एक तरफ कुकी और दूसरी तरफ मैतेई समुदाय के लोग रहते हैं। सुरक्षाबलों ने कुकी और मैतेई समुदाय को बफर जोन पार न करने के लिए कहा था, लेकिन उपद्रवियों ने इसे पार करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने मैतेई इलाके में घुसकर फायरिंग की। जिसमें 3 लोगों की मौत हुई है।

manipur1

3 अगस्त को उपद्रवियों ने बफर जोन पार कर दूसरे इलाके में जाने की कोशिश की। इस पर सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए आंसूगैस के गोले दागे थे। फिर भी भीड़ उग्र हो गई थी। उपद्रवियों के साथ आई महिलाओं को तो पीछे धकेल दिया गया था, लेकिन लोग नहीं मान रहे थे और फिर सुरक्षाबलों पर फायरिंग होने लगी। जिसके जवाब में सुरक्षाबलों को भी फायरिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से फायरिंग जारी है। उपद्रवियों की तरफ से फायरिंग के साथ ड्रोन से भी हमले करने की कोशिश की खबर न्यूज चैनल आजतक ने दी है। इससे पहले मणिपुर पुलिस के एक कर्मचारी की भी स्नाइपर रायफल से गोली चलाकर हत्या कर दी गई थी। हालात देखते हुए मणिपुर सरकार ने कहीं भी कर्फ्यू में ढील न देने का भी फैसला किया है।

Manipur

कुछ दिन शांत रहने के बाद मणिपुर में हालात फिर खराब होते दिख रहे हैं। बुधवार को भीड़ ने मणिपुर में दो थानों पर हमला कर दिया था। एक थाने से एके-47, इंसास रायफल, कार्बाइन, ग्रेनेड, मोर्टार जैसे करीब 700 हथियार और हजारों कारतूस भीड़ ने लूट लिए थे। मणिपुर में अब तक उपद्रवियों ने 4000 हथियार और एक लाख कारतूस लूटे हैं। सुरक्षाबलों की अपील के बाद सिर्फ 1600 हथियार ही वापस किए गए। मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हिंसा चल रही है। हिंसा में 160 के करीब लोग जान गंवा चुके हैं और 50000 को अपना घर छोड़ना पड़ा है। अब तक 1000 से ज्यादा उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।