newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Nafe Singh Murder Case: आईएनएलडी के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह की हत्या में 4 शूटरों की पहचान, हमलावरों का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

Nafe Singh Murder Case: हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए दो डीएसपी और एसटीएफ को हरियाणा पुलिस ने लगाया है। नफे सिंह के दो सुरक्षाकर्मियों को भी गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हत्याकांड की असल वजह का पता शूटरों की गिरफ्तारी के बाद ही चल सकेगा।

बहादुरगढ़। हरियाणा में आईएनएलडी के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह की हत्या के मामले में आरोपियों की पहचान हो चुकी है। बहादुरगढ़ पुलिस के मुताबिक नफे सिंह की हत्या करने वालों के नाम नरेश कौशिक, रमेश राठी, सतीश राठी और राहुल हैं। इनकी तलाश की जा रही है। नफे सिंह के ड्राइवर ने इस हत्याकांड में 7 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। आईएनएलडी नेता नफे सिंह की हत्या से पहले का एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है। उस फुटेज से पता चलता है कि नफे सिंह की हत्या के लिए हमलावर काफी समय से मौके पर एक गाड़ी में बैठकर ताक लगाए हुए थे।

आईएनएलडी के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह की दिनदहाड़े हुई हत्या से सनसनी है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए दो डीएसपी और एसटीएफ को हरियाणा पुलिस ने लगाया है। नफे सिंह के दो सुरक्षाकर्मियों को भी गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अभी इस हत्याकांड की असल वजह का पता नहीं लगा सकी है, लेकिन चर्चा इसकी है कि नफे सिंह की जान लिए जाने की वजह जमीन का विवाद भी हो सकता है। नफे सिंह अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ रविवार को एक व्यक्ति के यहां शोक प्रकट करने गए थे। वो जब लौट रहे थे, तभी रास्ते में आई10 कार में सवार हमलावरों ने करीब 50 राउंड फायरिंग की थी। इस फायरिंग से आईएनएलडी नेता नफे सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। उनके एक सुरक्षाकर्मी की भी जान इस हमले में गई।

बहादुरगढ़ के बराही रेलवे फाटक के पास हत्यारों ने नफे सिंह की हत्या की साजिश रची थी। शाम को 5 बजे के करीब नफे सिंह वहां से गुजर रहे थे। वो ड्राइवर के साथ सामने बैठे थे। वहीं, नफे सिंह के तीन सुरक्षाकर्मी पिछली सीट पर बैठे थे। नफे सिंह के साथ और भी गाड़ियों में लोग थे, लेकिन हत्यारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर ऐसी दहशत पैदा कर दी कि कोई भी नफे सिंह को बचाने या हमलावरों को पकड़ने के लिए आगे नहीं आ सका। जब हमलावर फरार हो गए, तो लोगों ने पाया कि नफे सिंह का जिस्म गोलियों की बौछार से छलनी हो चुका था। वहीं, उनके सुरक्षाकर्मियों के शरीर में भी कई जगह गोलियां लगी थीं।