newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Jeeva Murder Case: जीवा की हत्या के आरोपी ने लिया अतीक और उमेश पाल के करीबी का नाम! सूत्रों के मुताबिक तह तक जाएगी पुलिस

सूत्रों का ये भी कहना है कि संजीव यादव ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि उसे नेपाल में असलहा सप्लाई किया गया। फिर एक अनजान शख्स ने लखनऊ में रुकने का ठिकाना दिलाया। कुल मिलाकर उसके बयान कई तरह के हैं। फिलहाल कोर्ट ने जीवा की हत्या के आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।

लखनऊ। बीती 7 जून को लखनऊ कचहरी में मुख्तार अंसारी गैंग के शार्पशूटर संजीव माहेश्वरी जीवा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वकील के भेष में आए सुलतानपुर के संजीव यादव ने जीवा को 8 गोलियां मारी थीं। फायरिंग में एक बच्ची और उसकी मां भी घायल हुए थे। इस मामले में आरोपी ने पूछताछ में ऐसा नाम लिया है, जिसकी वजह से पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। पुलिस अब इस मामले की तह तक जाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। इसकी वजह यही नाम है। सूत्रों के मुताबिक ये नाम आखिर जीवा की हत्या के आरोपी संजीव यादव ने क्यों लिया, इसकी पड़ताल लखनऊ पुलिस कर रही है।

murderer of sanjeev jeeva
गैंगस्टर संजीव जीवा की लाश और हत्यारा संजीव यादव।

जीवा की हत्या के आरोपी संजीव यादव ने अशरफ का नाम लिया है। सूत्रों के मुताबिक उसने दावा किया है कि अशरफ ने जीवा की हत्या कराने में मदद की। ये अशरफ पहले माफिया अतीक अहमद के गैंग में था। बाद में वो अतीक का साथ छोड़कर उमेश पाल के साथ जुड़ गया था। उमेश पाल की इसी साल 24 फरवरी को अतीक के बेटे असद और अन्य बदमाशों ने हत्या कर दी थी। आखिर अशरफ क्यों जीवा की हत्या करने में मदद करेगा, इसी सवाल का जवाब लखनऊ पुलिस तलाश रही है। सूत्रों के मुताबिक लखनऊ पुलिस मान रही है कि संजीव यादव मामले में भरमाने की कोशिश कर रहा है। अशरफ का नाम जीवा की हत्या से जोड़कर इसे दूसरी तरफ मोड़ने की उसकी कोशिश भी हो सकती है।

up police

सूत्रों का ये भी कहना है कि संजीव यादव ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि उसे नेपाल में असलहा सप्लाई किया गया। फिर एक अनजान शख्स ने लखनऊ में रुकने का ठिकाना दिलाया। कुल मिलाकर उसके बयान कई तरह के हैं। फिलहाल कोर्ट ने जीवा की हत्या के आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। माना जा रहा है कि लखनऊ पुलिस एक बार फिर उसका रिमांड ले सकती है।