newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Saif Ali Khan Attack Case: सैफ अली खान पर हमला करने के आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद ने अब किया ये दावा, जानिए याचिका में क्या कहा?

Saif Ali Khan Attack Case: शरीफुल इस्लाम शहजाद पर मुंबई पुलिस ने आरोप लगाया है कि वो 16 जनवरी 2025 की रात सैफ अली खान के घर घुस गया था। वहां सैफ ने उसे वॉशरूम में देखा और पकड़ने की कोशिश की। आरोप है कि शरीफुल इस्लाम शहजाद ने सैफ अली खान पर चाकू से हमला कर दिया। सैफ की पीठ पर चाकू का टुकड़ा भी टूटकर रह गया था। सैफ अली खान जब खून से तरबतर हो गए, तो शरीफुल बैग समेटकर भाग निकला। उसे बाद में गिरफ्तार किया गया था।

मुंबई। एक्टर सैफ अली खान पर हमले के आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद ने अपने बचाव के लिए कोर्ट में याचिका दाखिल करने का रास्ता अख्तियार किया है। मुंबई के सेशंस कोर्ट में दाखिल याचिका में शरीफुल इस्लाम शहजाद ने दावा किया है कि उस पर लगे आरोप झूठे हैं। शरीफुल ने याचिका में ये दावा भी किया है कि सैफ अली खान पर हमले के मामले में उसे फंसाने की साजिश रची गई है। शरीफुल इस्लाम शहजाद के वकील का कहना है कि उनके मुवक्किल ने कभी कोई अपराध किया ही नहीं। अब शरीफुल को कोर्ट में साबित करना होगा कि उसने जो दावे किए हैं, उनके बारे में उसके पास क्या सबूत हैं।

शरीफुल इस्लाम शहजाद पर मुंबई पुलिस ने आरोप लगाया है कि वो 16 जनवरी 2025 की रात सैफ अली खान के घर घुस गया था। वहां सैफ ने उसे वॉशरूम में देखा और पकड़ने की कोशिश की। आरोप है कि शरीफुल इस्लाम शहजाद ने सैफ अली खान पर चाकू से हमला कर दिया। सैफ की पीठ पर चाकू का टुकड़ा भी टूटकर रह गया था। सैफ अली खान जब खून से तरबतर हो गए, तो शरीफुल बैग समेटकर भाग निकला। उसे बाद में पुलिस ने ठाणे से गिरफ्तार किया था। शरीफुल ने इससे इनकार किया है कि सैफ अली खान के घर वो दाखिल हुआ और वहां हमला किया। जबकि, मुंबई पुलिस शरीफुल इस्लाम शहजाद की शिनाख्त परेड भी करा चुकी है।

मुंबई पुलिस को छानबीन के दौरान शरीफुल इस्लाम शहजाद के बांग्लादेशी नागरिक होने का पता चला था। शरीफुल की तलाशी के दौरान उसके पास बांग्लादेश के दस्तावेज मिले थे। मुंबई पुलिस का कहना है कि शरीफुल इस्लाम ने गुपचुप तरीके से सीमा पार की और पश्चिम बंगाल पहुंचा। वहां के एक व्यक्ति का फर्जी पता देकर अपना आधार कार्ड बनवाया था। शरीफुल के बारे में मुंबई पुलिस को ये भी पता चला है कि वो एक रेस्तरां में सफाई कर्मचारी का काम भी कर चुका था। पुलिस के मुताबिक शरीफुल के खिलाफ सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्डिंग के सबूत भी उसके पास हैं। ऐसे में शरीफुल के बचने का रास्ता फिलहाल नहीं दिख रहा।