newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Pig Killed In Ramayana Play: ओडिशा में रामायण से संबंधित नाटक में राक्षस का रोल कर रहे एक्टर ने स्टेज पर जिंदा सुअर का पेट फाड़ खाया उसका मांस!, हंगामा मचने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

Pig Killed In Ramayana Play: पुलिस के मुताबिक बिंबाधर गौड़ा की उम्र 45 साल है। बिंबाधर गौड़ा और अन्य एक्टर 24 नवंबर 2024 को गंजम जिले के हिंजली थाना इलाके के रालाब गांव में रामायण पर नाटक कर रहे थे। इस नाटक के एक आयोजक को भी पशु क्रूरता मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गंजम। ओडिशा के गंजम जिले में एक एक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बिंबाधर गौड़ा नाम का ये एक्टर रामायण संबंधी एक नाटक में एक्टिंग कर रहा था। वो नाटक में राक्षस बना था। आरोप है कि एक्टर ने स्टेज पर ही एक जिंदा सुअर का पेट फाड़ दिया और उसका मांस खाया। जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि सुअर को स्टेज पर लटकाया गया था और फिर बिंबाधर गौड़ा ने इसका पेट फाड़ दिया। इस मामले की गूंज ओडिशा विधानसभा तक में सुनाई दी। लोग भी इस घटना पर आक्रोश जता रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक बिंबाधर गौड़ा की उम्र 45 साल है। बिंबाधर गौड़ा और अन्य एक्टर 24 नवंबर 2024 को गंजम जिले के हिंजली थाना इलाके के रालाब गांव में रामायण पर नाटक कर रहे थे। इस नाटक के एक आयोजक को भी पशु क्रूरता मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि नाटक में राक्षस का रोल कर रहे बिंबाधर गौड़ा अचानक सुअर का पेट फाड़कर मंच पर ही उसका मांस खाने लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। जिसके बाद पशु अधिकार संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से एक्शन लेने की मांग की थी। जिसके बाद पुलिस ने बिंबाधर गौड़ा और एक आयोजक को गिरफ्तार किया। आरोप साबित होने पर दोनों को ही कड़ी सजा हो सकती है। पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी नाटक में जिंदा पशु को मारने की घटना हुई। इससे लोग और यहां तक कि ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजेपी नेता तक सकते में हैं।

वहीं, इस मामले में ओडिशा के बेरहामपुर के वन अधिकारी सनी खोखर ने कहा कि इस नाटक में जिंदा सांपों को भी दिखाया गया था। इस मामले में वन विभाग संबंधित आरोपियों को तलाश रहा है। इन सबकी भी जल्दी गिरफ्तारी की जाएगी। सांपों को सार्वजनिक तौर पर प्रदर्शित करना कानून के मुताबिक गुनाह है। इस मामले में वन्य जीव एक्ट के तहत सजा मिलती है। इसी वजह से अब संपेरों को भी नहीं देखा जाता है।