newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

INC : ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ की शुरुआत करने वाली है कांग्रेस, यहां देखें क्या है प्लान?

INC : पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी तथा 26 जनवरी तक श्रीनगर में इसका समापन होगा। उन्होंने कहा, ‘इस यात्रा के बाद हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत तीन स्तरीय कार्यक्रम होगा।

नई दिल्ली। इस समय कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में प्रवेश करने वाली है। लेकिन इससे पहले कांग्रेस एक नई प्लानिंग में जुट गई है। कांग्रेस ने रविवार को कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद वह आगामी 26 जनवरी से देश भर में ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान‘ शुरू करेगी जिसके तहत ब्लॉक, पंचायत और बूथ स्तर पर जनसंपर्क किया जाएगा। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समापन के बाद आगामी 26 जनवरी से देश भर में ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ शुरू किया जाएगा जिसके तहत ब्लॉक, पंचायत और बूथ के स्तर पर लोगों से संपर्क साधा जाएगा।

इस बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस के वेणुगोपाल ने बताया कि दो महीने तक चलने वाले इस अभियान में राहुल गांधी का पत्र भी लोगों को सौंपा जाएगा जिसमें यात्रा का संदेश होगा तथा उसके साथ नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ “आरोप पत्र” भी सम्मिलित होगा। इस यात्रा/अभियान के विषय पर अधिक जानकारी देते हुए पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी तथा 26 जनवरी तक श्रीनगर में इसका समापन होगा। उन्होंने कहा, ‘इस यात्रा के बाद हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत तीन स्तरीय कार्यक्रम होगा। ब्लॉक और बूथ के स्तर पर यात्राएं होंगी, जिला स्तर पर अधिवेशन होंगे तथा राज्य के स्तर पर रैलियां की जाएंगी।’

प्रियंका गांधी सहित कई बड़े कांग्रेस नेता होंगे शामिल

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ से संबंधित कार्यक्रमों शामिल होंगे। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि कांग्रेस का तीन दिवसीय अधिवेशन अगले साल फरवरी में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि अधिवेशन फरवरी के दूसरे पखवाड़े में होगा जिसमें विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श होंगे।