
साहिबगंज। रामनवमी से पहले और बाद में जो सांप्रदायिक हिंसा हुई, उसकी जद में अब बिहार का पड़ोसी राज्य झारखंड भी आ गया। झारखंड के साहिबगंज में शनिवार को प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पथराव हुआ। इस पथराव से तमाम लोगों के अलावा सदर एसडीपीओ राजेंद्र दुबे समेत कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए। उपद्रवियों ने एक गाड़ी भी फूंक दी। हालात की जानकारी मिलने के बाद डीसी रामनिवास यादव और एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा समेत तमाम प्रशासनिक अफसर बड़ी तादाद में पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। जिसके बाद माहौल को कंट्रोल किया जा सका। फिलहाल यहां शांति है। मौके पर पुलिसबल तैनात है।
साहिबगंज के डीसी रामनिवास यादव ने बताया कि चैती दुर्गा विसर्जन का जुलूस जा रहा था। तभी किहरीपाड़ा और अभीकपुर में कुछ लोगों ने पथराव किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद हिंसा हुई। फिर पुलिसबल की मौजूदगी में प्रतिमा विसर्जन कराया गया। डीसी के मुताबिक इस मामले में कुछ लोग चिन्हित किए गए हैं और उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक शनिवार को सकरूगढ़ चैती दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन हो चुका था। इसके बाद रसूलपुर दहला इलाके की प्रतिमा का विसर्जन होना था। प्रतिमा को लेकर जुलूस कृष्णानगर से जा रहा था। उसी दौरान रेलवे लाइन के पास से कुछ लोगों ने जुलूस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एसडीपीओ, कुछ पुलिकर्मी और 4 अन्य लोग घायल हुए।
#BREAKING | बिहार के बाद अब सुलगा झारखंड, साहिबगंज में मूर्ति विसर्जन के दौरान बवाल@AnchorSonal95 | https://t.co/smwhXUROiK#Jharkhand #JharkhandViolence #RamnavamiViolence pic.twitter.com/Moc34dJDAj
— ABP News (@ABPNews) April 2, 2023
झारखंड में ही शुक्रवार को जमशेदपुर के हल्दीपोखर में भी रामनवमी जुलूस पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने पथराव किया था। इससे वहां सीओ समेत कुछ लोगों को चोट लगी थी। पथराव में एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई थी। महिला को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। इस बार रामनवमी पर्व के दौरान इसी तरह की अराजकता गुजरात के वडोदरा, महाराष्ट्र के संभाजीनगर, बिहार के सासाराम, बिहारशरीफ और नालंदा और पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भी देखी गई।