newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Jharkhand: पलामू में सांप्रदायिक हिंसा के बाद अब झारखंड के देवघर में शिव बारात का मुद्दा गरमाया, बीजेपी सांसद बोले…

बीजेपी के गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया है कि झारखंड सरकार के इशारे पर शिवरात्रि के दिन देवघर में प्रशासन शिव बारात निकालने नहीं देना चाहता। निशिकांत दुबे ने इसके खिलाफ जंग लड़ने का एलान कर दिया है। उन्होंने कहा है कि शिव बारात निकालने के लिए वो आंदोलन करेंगे।

देवघर। शिवरात्रि से पहले झारखंड का माहौल गरमाया हुआ है। बुधवार को पलामू के पांकी में शिवरात्रि के लिए तोरणद्वार बनाने के मुद्दे पर सांप्रदायिक हिंसा हुई। अब मामला देवघर पर अटक गया है। बीजेपी के गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया है कि झारखंड सरकार के इशारे पर शिवरात्रि के दिन देवघर में प्रशासन शिव बारात निकालने नहीं देना चाहता। निशिकांत दुबे ने इसके खिलाफ जंग लड़ने का एलान कर दिया है। उन्होंने कहा है कि शिव बारात निकालने के लिए वो आंदोलन करेंगे। झारखंड के पूर्व मंत्री कृष्णानंद झा ने भी देवघर में निषेधाज्ञा लगाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे गलत कदम बताया है।

bjp mp nishikant dubey
बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे।

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का कहना है कि देवघर में शिव बारात निकालने की पुरानी प्रथा है। अंग्रेजों ने भी इस शिव बारात का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण दो बार शिव बारात नहीं निकली। इस बार हमने पुराने की जगह चौड़े रास्ते से बारात निकालने की बात प्रशासन से कही,  लेकिन प्रशासन ने संकरा रास्ता बारात के लिए दिया है। बीजेपी सांसद का आरोप है कि प्रशासन अब अड़ंगा लगाने की कोशिश कर रहा है। शिव बारात में शामिल होने वाली गाड़ियों की संख्या तक पूछी जा रही है। निशिकांत दुबे ने कहा कि हर हाल में हम शिव बारात निकालकर रहेंगे। उन्होंने वीडियो जारी कर दिखाया है कि प्रशासन ने जो संकरा रास्ता दिया है, वहां से उनकी गाड़ी तक निकलने में दिक्कत हो रही है। फिर बारात कैसे निकलेगी, ये सवाल निशिकांत दुबे ने उठाया है।

बता दें कि झारखंड के ही पलामू जिले के पांकी में शिव बारात के लिए तोरणद्वार बनाने के मसले पर सांप्रदायिक हिंसा हुई। पांकी में एक धार्मिक स्थल से पथराव करने और पेट्रोल बम फेंके जाने का आरोप लगा। यहां कई दुकानों को आग के हवाले भी किया गया। पांकी में फिलहाल बड़ी तादाद में पुलिस तैनात है। पांकी में कितने गंभीर हालात बने, ये इसी से पता चलता है कि यहां आज शाम तक मोबाइल इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है। अब देवघर का मसला गरमाने से झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है।