newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Dissent in Congress: कर्नाटक में विधायकों के बाद अब हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ता नाराज, नेता बोले- सीएम सुक्खू…

कुलदीप सिंह राठौर ने हिमाचल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बारे में कहा कि हमारी प्रदेश अध्यक्ष तक ये बात कह चुकी हैं कि पार्टी कार्यकर्ता हताश हैं। कुलदीप ने कहा कि कार्यकर्ताओं की वजह से ही हम सत्ता में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए कार्यकर्ता बहुत जरूरी हैं। उनकी बात सुनी जानी चाहिए।

शिमला। कर्नाटक में जहां विकास कार्यों के लिए धन न मिलने से कांग्रेस के विधायक अपनी ही सरकार से नाराज हैं। वहीं, कुछ ऐसा ही हाल कांग्रेस शासित दूसरे राज्य हिमाचल प्रदेश का भी है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बाकायदा बयान दे चुकी हैं कि राज्य में अपनी उपेक्षा से कांग्रेस के कार्यकर्ता नाराज हैं। अब एआईसीसी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने भी यही बात कही है। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि आने वाले लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर सीएम सुखविंदर सुक्खू को गौर करना चाहिए।

कुलदीप सिंह राठौर ने हिमाचल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बारे में कहा कि हमारी प्रदेश अध्यक्ष तक ये बात कह चुकी हैं कि पार्टी कार्यकर्ता हताश हैं। कुलदीप ने कहा कि कार्यकर्ताओं की वजह से ही हम सत्ता में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए कार्यकर्ता बहुत जरूरी हैं। उनकी बात सुनी जानी चाहिए। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि हमारे सामने लोकसभा के चुनाव हैं। हमें कांग्रेस को मजबूत कर सभी समस्याओं का हल भी तलाश करना है। अब इस बयान से साफ है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपनी सरकार बनने के बाद जो उम्मीद लगा रखी थी, वो पूरी नहीं हो पा रही है। अगर ये असंतोष बना रहा, तो कांग्रेस को अगले लोकसभा चुनाव में दिक्कत भी हो सकती है।

pratibha singh and sukhvinder sukhu
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और सीएम सुखविंदर सुक्खू।

इससे पहले कर्नाटक में करीब 30 विधायकों ने सीएम सिद्धारामैया को चिट्ठी लिखकर विकास कार्यों के लिए धन न दिए जाने की बात उठाई थी। इन विधायकों का कहना था कि मंत्री उनकी मांगों पर तवज्जो नहीं दे रहे। कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार तो साफ कह चुके हैं कि राहुल गांधी की ओर से जो 5 मुफ्त योजनाओं के वादे किए गए। उनको पूरा करने के बाद विकास कार्यों के लिए इस साल कोई धन नहीं मिल सकता। ऐसे में राज्य सरकार अब विधायकों की नाराजगी से पसोपेश में है।