newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Monsoon Update And Heatwave: चिलचिलाती गर्मी और लू बस कुछ और दिन बरपाएंगे कहर, मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद राहत की बारिश लेकर आएगा मॉनसून

Monsoon Update And Heatwave: देश के उत्तरी, पूर्वी और पश्चिमी हिस्से भीषण गर्मी से तप रहे हैं। मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर रखा है। देश में भीषण गर्मी का सितम देखने को मिल रहा है। अब मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि जल्दी ही मॉनसून की बारिश से पूरा देश सराबोर होगा।

नई दिल्ली। देश के उत्तरी, पूर्वी और पश्चिमी हिस्से भीषण गर्मी से तप रहे हैं। मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर रखा है। अब मौसम विभाग ने लू और चिलचिलाती गर्मी से परेशान आम लोगों को जल्दी राहत मिलने की बात कही है। मौसम विभाग ने ताजा अनुमान में बताया है कि जल्दी ही भीषण गर्मी और लू से प्रभावित इलाकों में मॉनसून की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून आगे बढ़ा है। मॉनसून के अगले कुछ दिन में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल के गंगा से लगे इलाकों और बिहार तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान से लग रहा है कि मॉनसून की गति फिलहाल ठीक है और ये समय पर ही दिल्ली समेत देश के बाकी हिस्सों तक पहुंच जाएगा। दिल्ली में मॉनसून के पहुंचने की तारीख 27 जून की रहती है। मॉनसून के बारे में पूर्वानुमान के साथ ही मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर भारत को 18 जून के बाद गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। देश की राजधानी दिल्ली में आज भी गंभीर लू चल सकती है। पंजाब और हरियाणा में भी आज तेज गर्मी पड़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश, राजस्थान के उत्तरी हिस्सों और छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में 18 जून तक लू चलने की संभावना है। वहीं, अगले कुछ दिन में पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में मध्यम स्तर की बारिश भी हो सकती है। केरल और तेलंगाना के अलावा ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ दिन में बारिश होने की संभावना है। हल्की बारिश से बिहार के भी कुछ इलाके सराबोर हो सकते हैं। तो फिलहाल लू से बचे रहिए और जरूरी काम होने पर ही दोपहर में घर से निकलिए। घर से निकलना जरूरी हो, तो खूब पानी पीएं। पानी के साथ ओआरएस पाउडर मिलाकर लेने से शरीर में जरूरी मिनरल्स की मात्रा बनी रहेगी। साथ ही पूरे बदन के कपड़े पहनें। छतरी या कैप जरूर साथ रखें। तेज धूप से आंखों को बचाने के लिए सनग्लास का प्रयोग जरूर करें।