newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Adesh Gupta Resigns: MCD चुनाव में हार के बाद आदेश गुप्ता ने दिया दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद से इस्तीफा, वीरेंद्र सचदेवा होंगे कार्यकारी अध्यक्ष

Adesh Gupta Resigns: दिल्ली नगर निगम चुनाव में मिली हार के बाद अब आदेश गुप्ता ने बड़ा फैसला लेते हुए दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। आदेश गुप्ता ने चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए ये फैसला लिया है।

नई दिल्ली। हाल ही में हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव में मिली हार के बाद अब आदेश गुप्ता ने बड़ा फैसला लेते हुए दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। आदेश गुप्ता (Adesh Gupta Resigns) ने चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए ये फैसला लिया है। आदेश गुप्ता ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अपना इस्तीफा भेजा है। वहीं, जेपी नड्डा ने भी उनके इस्तीफे को मंजूर कर लिया है। आदेश गुप्ता के दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद वीरेंद्र सचदेवा को वर्तमान में दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष को अगली व्यवस्था तक कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय जनता पार्टी को इन एमसीडी चुनावों में 250 में से 104 सीटें मिली थी। जबकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी को 134 सीटें हासिल हुई थी। आदेश गुप्ता एमसीडी के वार्ड नंबर 141 के राजेंद्र नगर में रहते हैं यहां भी उनकी सीट बच न सकी। इस सीट से आम आदमी पार्टी की आरती चावला को जीत हासिल हुई। हालांकि जब तक इस चुनाव के नतीजे नहीं आए थे तब तक आदेश गुप्ता यही दावा कर रहे थे कि जीत उनकी होगी लेकिन सामने आए नतीजे (Delhi MCD Election Result 2022) उनके लिए निराशा लेकर आए।

गौरतलब हो कि इस महीने की 4 तारीख को ही दिल्ली नगर निकाय चुनाव हुए थे। इस चुनाव के नतीजे 7 दिसंबर को सामने आए। इस बार के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा। केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने भाजपा को एमसीडी से बेदखल करते हुए 250 में से 134 सीटों पर धमाकेदार जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा के खाते में सिर्फ 104 सीटें आईं। इसके अलावा देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस की झोली में 9 और अन्य के खाते में 3 सीटें गईं।