
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर गुरुवार को टेक ऑफ करने के बाद अचानक जमीन पर आ गिरा। विमान में चालक दल के सदस्यों को मिलाकर 242 लोग सवार थे। एयर इंडिया के जिस विमान का हादसा हुआ है, उसकी उड़ान संख्या AI171 थी। अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे के कई वीडियो आए हैं। इनमें से एक वीडियो हादसे से ठीक पहले का है। इस वीडियो में दिख रहा है कि विमान के पहिए नीचे हैं और वो नीचे की ओर आ रहा है। वीडियो को देखने से लगता है कि विमान में अचानक कोई तकनीकी गड़बड़ी हो गई और पायलट उसे संभालने में नाकाम रहे।
अहमदाबाद से लंदन जाते वक्त एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI171 टेकऑफ करते ही क्रैश हो गई। इसका वीडियो अब आया है। pic.twitter.com/S4REhi4A0u
— Newsroompost (@NewsroomPostCom) June 12, 2025
एयर इंडिया पहले केंद्र सरकार के पास थी। इसका विनिवेश किया गया था। विनिवेश में टाटा ग्रुप ने एयर इंडिया को हासिल किया था। बता दें कि जेआरडी टाटा ने एयर इंडिया की शुरुआत की थी, लेकिन बाद में भारत सरकार ने इसका राष्ट्रीयकरण किया था। जिसके बाद अब एयर इंडिया अपने पहले के मालिक यानी टाटा ग्रुप के ही पास है। एयर इंडिया की उड़ानों के बारे में लोग पहले भी शिकायत करते रहे हैं। यहां तक कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से दिल्ली की उड़ान के दौरान एयर इंडिया के विमान में टूटी सीट दिए जाने की शिकायत सार्वजनिक तौर पर की थी।
टाटा ग्रुप ने कहा है कि उसका विमान अहमदाबाद से लंदन की ओर उड़ान भरने के बाद ही हादसे का शिकार हो गया। टाटा ग्रुप ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगा कि एयर इंडिया के विमान का हादसा आखिर क्यों हुआ। फिलहाल जो वीडियो और फोटो आए हैं, उनसे पता चल रहा है कि विमान पूरी तरह नष्ट हो गया है। लोगों के मुताबिक जमीन पर गिरते ही जोरदार धमाके के साथ एयर इंडिया के विमान में आग लग गई थी। इसमें बहुत लोगों के हताहत होने की आशंका है।