
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के बदलापुर में हुए यौन शोषण मामले के मुख्य आरोपी अक्षय शिंदे की सोमवार को पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। इस एनकाउंटर में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, अक्षय शिंदे को तलोजा जेल से एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर फायरिंग की। शिंदे ने तीन गोलियां चलाईं, जिसमें से एक पुलिसकर्मी को लगी। इसके बाद एक अन्य पुलिसकर्मी ने आत्मरक्षा में शिंदे पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई।
#BreakingNews | बदलापुर रेप कांड के आरोपी को गोली लगी
पुलिस के साथ झड़प में आरोपी अक्षय शिंदे को गोली लगी#Badlapur #Maharashtra #MaharastraPolice pic.twitter.com/xFqgcshNXu
— India TV (@indiatvnews) September 23, 2024
अक्षय शिंदे पर 12 और 13 अगस्त को बदलापुर के एक स्कूल में दो नाबालिग लड़कियों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था। इस मामले को लेकर भारी विरोध हुआ था और प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया था। पीड़ित लड़कियों ने अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया था, जिसके बाद मामला सामने आया। इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है। बदलापुर पुलिस ने शुरू में जांच की थी, लेकिन जन आक्रोश के बाद महाराष्ट्र सरकार ने एसआईटी का गठन किया। हाई कोर्ट ने भी इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया था और अदालत खुद जांच की निगरानी कर रही है।
अक्षय शिंदे की गिरफ्तारी 17 अगस्त को हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने एसआईटी का गठन किया था। अब एनकाउंटर में शिंदे की मौत के बाद मामले की जांच और भी महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस और एसआईटी की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।