
नई दिल्ली। मानसून में हो रही भारी बारिश के चलते देश भर के कई प्रदेशों में खासकर पहाड़ी इलाकों में हालात बेहद खराब हो रहे हैं। बारिश का असर सबसे ज्यादा उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में दिखाई दे रहा है। दूसरी तरफ असम में बाढ़ के चलते हाल बेहाल है। लगातार हो रही बारिश के चलते अमरनाथ यात्रा अस्थाई रूप से रोक दी गई है। शुक्रवार रात से ही बालटाल और पहलगाम मार्ग पर रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है जिसके चलते यात्रा मार्ग में अत्यधिक फिसलन हो गई है, इसीलिए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर आज अमरनाथ यात्रा रोकी गई है। तीर्थयात्रियों को बेस कैंप में वापस भेजा जा रहा है। बारिश बंद होने और मौसम में सुधार के बाद ही यात्रा फिर से शुरू की जाएगी।
दूसरी तरफ, उत्तराखंड में आज सुबह बद्रीनाथ हाईवे लैंड स्लाइड के चलते बाधित हो गया है। फाटा में डोलिया देवी के पास सड़क पर मलबा इकट्ठा हो गया है। पूरे राज्य में करीब 100 से ज्यादा सड़कें ब्लॉक हैं। मौसम विभाग ने पहले से ही प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। स्कूल और ऑफिस बंद कर दिए गए हैं। उधर, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश कहर बनकर बरस रही है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लाहौल-स्पीति में मनाली-लेह हाईवे पर शुक्रवार रात जिंगजिंगबार में बाढ़ आ जाने से हाईवे पर खड़े ट्रक और बाइक मलबे की चपेट में आ गए। बाढ़ के कारण मनाली-लेह नेशनल हाईवे को बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग ने आज देशभर के 28 राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, पंजाब, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, गोवा, मणिपुर, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, कर्नाटक, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, राजस्थान, केरल और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।