newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Meghwal New Law Minister: मोदी सरकार में बड़ा फेरबदल, किरेन रिजिजू की जगह अर्जुन राम मेघवाल नए कानून मंत्री बने

रिजिजू को अर्थ साइंसेज मंत्रालय सौंपा गया है। रिजिजू और न्यायपालिका के बीच कई बार विवाद भी हुए थे। अर्जुन मेघवाल को पीएम नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है।

नई दिल्ली। मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल हुआ है। कानून मंत्री पद से किरेन रिजिजू को हटा दिया गया है। किरेन रिजिजू की जगह अर्जुन राम मेघवाल कानून मंत्री बनाए गए हैं। रिजिजू को अर्थ साइंसेज मंत्रालय सौंपा गया है। किरेन रिजिजू और न्यायपालिका के बीच कई बार जजों की नियुक्ति और अन्य मामलों में विवाद भी हुए थे। यहां तक कि एक जज की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति के खिलाफ आईबी की रिपोर्ट को चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने सार्वजनिक तक कर दिया था। इसके खिलाफ भी किरेन रिजिजू ने प्रतिक्रिया दी थी और इसे गलत बताया था। नए कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को पीएम नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है।

kiren rijiju shifted from law ministry

अर्जुन राम मेघवाल संसदीय कार्य मंत्री और संस्कृति मंत्री के रूप में भी कार्य करते रहेंगे। रिजिजू के पास जो अन्य मंत्रालय के प्रभार हैं, वो भी मेघवाल को मिलेंगे। किरेन रिजिजू ने 8 जुलाई 2021 को कानून मंत्री के तौर पर पदभार संभाला था। रिजिजू इससे पहले मई 2019 से जुलाई 2021 तक युवा मामलों और खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के पद पर थे। किरेन रिजिजू के कानून मंत्री पद से हटने के बाद अब पीएम मोदी के अलावा उनके मंत्रिमंडल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, महिला-बाल विकास और अल्पसंख्यक मंत्री स्मृति ईरानी, वाणिज्य, उपभोक्ता, खाद्य और कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल और शिक्षा और कौशल मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मुख्य तौर पर हैं।