newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Atul Subhash Suicide Case: अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा और साले अनुराग को बेंगलुरु पुलिस ने किया गिरफ्तार; एआई इंजीनियर ने सुसाइड नोट में लगाया था उत्पीड़न का आरोप

Atul Subhash Suicide Case: आत्महत्या करने वाले एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा सिंघानिया और साले अनुराग सिंघानिया को बेंगलुरु पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अतुल सुभाष की सास और साला घर पर ताला लगाकर फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ने से नहीं बच सके।

बेंगलुरु। आत्महत्या करने वाले एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा सिंघानिया और साले अनुराग सिंघानिया को बेंगलुरु पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया को बेंगलुरु पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। जबकि, निशा सिंघानिया और अनुराग सिंघानिया को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया। इन सभी को बेंगलुरु पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। बेंगलुरु पुलिस ने अतुल सुभाष के सुसाइड नोट और वीडियो के बाद इस मामले की जांच के लिए 2 टीम बनाई थीं।

अतुल सुभाष ने 9 दिसंबर 2024 को सुसाइड कर लिया था। अतुल सुभाष ने अपनी पत्नी, सास, साले और चचेरे ससुर पर तमाम आरोप लगाए थे। अतुल सुभाष ने आत्महत्या से पहले 90 मिनट का वीडियो बनाया था। जिसमें कहा था कि पत्नी ने 9 केस लगा दिए। साथ ही बेटे से भी नहीं मिलने देती। अतुल सुभाष ने सुसाइड नोट में लिखा था कि पत्नी निकिता ने फैमिली कोर्ट की जज के सामने ये तक कहा कि तुम आत्महत्या क्यों नहीं कर लेते। अतुल सुभाष ने अपने सुसाइड नोट में ये गंभीर आरोप भी लगाया था कि फैमिली कोर्ट की जज ने मामला सेटल कराने के लिए 5 लाख रुपए मांगे थे।

आत्महत्या से पहले बनाए गए अतुल सुभाष का वीडियो और 24 पेज का सुसाइड नोट जब वायरल हुआ, तो हंगामा मच गया। इसके बाद ही बेंगलुरु पुलिस जौनपुर में अतुल सुभाष की ससुराल पहुंची थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही देर रात अतुल सुभाष की सास निशा सिंघानिया और साला अनुराग सिंघानिया घर पर ताला लगाकर फरार हो गए थे। वहीं, अतुल की पत्नी निकिता सिंघानिया ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अर्जी देकर अग्रिम जमानत मांगी थी। सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे थे कि आखिर आरोपियों को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है। अब सभी आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं। अतुल सुभाष ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि जिन लोगों की वजह से वो आत्महत्या कर रहे हैं, अगर उनको कड़ी सजा न दिलाई जा सके, तो अस्थियों को गटर में बहा दिया जाए।