newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Mother Of Amritpal Singh Arrested: खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर गिरफ्तार, इस वजह से पुलिस ने लिया एक्शन

Mother Of Amritpal Singh Arrested: बलविंदर कौर समेत अमृतपाल के साथ गिरफ्तार लोगों के परिजन अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास भूख हड़ताल पर बैठे थे। इन लोगों ने आज बठिंडा के तख्त दमदमा साहिब से मार्च निकालने का एलान किया था। इससे पहले ही पुलिस ने एक्शन लिया।

अमृतसर। खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर को पंजाब पुलिस ने रविवारा को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने अमृतपाल सिंह की मां को न्यायिक हिरासत में भेजा है। जानकारी के मुताबिक अमृतपाल सिंह के चाचा सुखचैन सिंह और तीन अन्य लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अमृतसर के डीसीपी आलम विजय सिंह ने मीडिया को बताया कि इन सभी को एहतियातन गिरफ्तार किया गया।

अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर।

अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर अपने बेटे को असम की जेल से पंजाब की जेल में लाने की मांग को लेकर मार्च करने वाली थी। अमृतपाल सिंह और उसके 9 साथी अभी असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अमृतपाल सिंह और उसके साथियों को पंजाब पुलिस ने बड़े ऑपरेशन के बाद 2023 में गिरफ्तार किया था। अमृतपाल सिंह समेत सभी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया गया है। बलविंदर कौर समेत अमृतपाल के साथ गिरफ्तार लोगों के परिजन अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास भूख हड़ताल पर बैठे थे। इन लोगों ने आज बठिंडा के तख्त दमदमा साहिब से मार्च निकालने का एलान किया था। इस मार्च को निकालने से पहले ही पंजाब पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए अमृतपाल सिंह की मां और कुछ अन्य को गिरफ्तार कर लिया।

amritpal singh latest photo 1
मोगा पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद अमृतपाल सिंह की तस्वीर।

अमृतपाल सिंह समेत उसके संगठन के लोगों ने अपने साथी लवप्रीत सिंह तूफान को छुड़ाने के लिए 23 फरवरी 2023 को पंजाब के अजनाला थाने पर हमला किया था। इस हमले में कई पुलिसवाले घायल हुए थे। फिर पुलिस ने लवप्रीत सिंह तूफान को छोड़ दिया था, लेकिन अमृतपाल सिंह का हौसला बढ़ गया था। वो लगातार खालिस्तान के समर्थन में बयानबाजी कर रहा था। इसके अलावा पुलिस को धमकी भी दे रहा था। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह और उसके वारिस पंजाब दे संगठन के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। अमृतपाल सिंह के तमाम समर्थक इस कार्रवाई में पकड़े गए थे। हालांकि, अमृतपाल फरार हो गया था। उसे अप्रैल 2023 में मोगा से गिरफ्तार किया जा सका था।