newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Narendra Modi And Paraguay President Bilateral Meeting : पीएम नरेंद्र मोदी और पैराग्वे के राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय बैठक, जानिए किन मुद्दों पर हुई बातचीत

PM Narendra Modi And Paraguay President Bilateral Meeting : पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के खिलाफ भारत के साथ एकजुटता की भी बात कही। पीएम मोदी ने इसके लिए पैराग्वे के राष्ट्रपति की सराहना की।

नई दिल्ली। पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस भारत यात्रा पर आए हुए हैं। नई दिल्ली में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस की मुलाकात और द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान पराग्वे के राष्ट्रपति ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के खिलाफ भारत के साथ एकजुटता की भी बात कही। पीएम मोदी ने इसके लिए पैराग्वे के राष्ट्रपति की सराहना की।

दोनों नेताओं के बीच व्यापार और निवेश, स्वास्थ्य क्षेत्र, फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र, रक्षा क्षेत्र, बुनियादी ढांचे को मजूबत करने और खनन सहित कई मामलों पर विस्तार से बातचीत हुई। दोनों देशों में द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने पर भी मोदी और पालासिओस के बीच सहमति बनी। अब शाम को पैराग्वे के राष्ट्रपति प्रेसिंडेट हाउस में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे, जहां उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया गया है।

पीएम नरेंद्र मोदी और पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस की बैठक के बारे में विदेश मंत्रालय के सचिव पी. कुमारन ने प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस 2 से 4 जून तक भारत की राजकीय यात्रा पर आए हैं। यह उनकी पहली भारत यात्रा है। वो पैराग्वे के दूसरे राष्ट्रपति हैं जो भारत यात्रा पर आए हैं। इससे पहले साल 2012 में पैराग्वे के 10वें राष्ट्रपति भारत दौरे पर आए थे।

भारत और पैराग्वे के बीच सितंबर 1961 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। तब से लेकर आज तक दोनों देशों के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। व्यापार, कृषि, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग के साथ द्विपक्षीय संबंध लगातार विस्तारित हुए हैं। पैराग्वे लैटिन अमेरिकी क्षेत्र में भारत का एक उभरता हुआ व्यापारिक साझेदार है।